टोंक जिले में जयपुर-कोटा नेशनल हाईवे-52 पर बैंक का कैश ले जा रही वैन में आग लग गई। घटना के समय वैन में 3 बक्सों में करीब 5 करोड़ रुपए भरे हुए थे। कर्मचारियों ने समय रहते कैश के बक्से निकाल लिए थे। कैश वैन जयपुर से भीलवाड़ा की ओर जा रही थी। घटना निवाई में 80 फीट रोड के पास ओवरब्रिज पर गुरुवार दोपहर करीब 1 बजे की है। बोनट से धुआं निकलते देख ड्राइवर ने गाड़ी रोकी और बोनट उठाया तो आग की लपटें निकलने लगी। आग लगने से गाड़ी के चारों टायर, सीटें और प्लास्टिक की बॉडी जलकर राख हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने 25 मिनट में आग पर काबू पाया। देखें घटना से जुड़े PHOTOS बोनट से धुआं निकलने लगा तो रोका थाना प्रभारी घासीराम ने बताया- HDFC बैंक की कैश वैन जयपुर से भीलवाड़ा की ओर जा रही थी। वैन में तीन बक्सों में कैश भरा हुआ था। नेशनल हाईवे-52 पर निवाई में 80 फीट रोड के पास ओवरब्रिज पर वैन के बोनट से धुआं निकलने लगा। वैन में सवार दो गार्ड और ड्राइवर ने तुरंत वैन रोकी और बोनट खोलते ही आग की लपटें दिखाई दी। तीन बक्सों में रखे थे 5 करोड़ रुपए घटना की सूचना मिलते ही निवाई थाने के एएसआई आत्मराम जाट मौके पर पहुंचे। आत्माराम ने बताया कि वैन में तीन बक्सों में करीब 5 करोड़ कैश भरा हुआ था। निवाई बैंक की ब्रांच में रखवाया कैश गार्ड और ड्राइवर ने सूझबूझ दिखाते हुए पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। एचडीएफसी बैंक की निवाई शाखा में भी जानकारी दी। फायर ब्रिगेड ने करीब 25 मिनट में आग पर काबू पा लिया। सूचना मिलते ही निवाई शाखा के बैंक मैनेजर गिरिराज प्रसाद मौके पर पहुंचे। वैन में रखे कैश के तीन बक्से NHAI की गाड़ी में रखकर ब्रांच में सुरक्षित ले गए। हादसे के बाद नेशनल हाईवे पर करीब आधे घंटे तक ट्रैफिक जाम हो गया। बाद में पुलिस ने सुचारू करवाया। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट से आग लगना बताया गया है। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।