वैर| देशव्यापी जनगणना 2027 की प्रक्रिया का शुभारंभ 1 मई 2026 से होगा। प्रशासन ने इसकी सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। तहसीलदार अरुण कुमार मीणा ने आमजन से अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की है। उन्होंने बताया कि जनगणना दो चरणों में कराई जाएगी। पहले चरण में 1 मई से 15 मई तक नागरिकों को ‘स्व-गणना’ का अवसर दिया जाएगा। इस दौरान लोग अपने परिवार और आवास से जुड़ी जानकारी निर्धारित डिजिटल माध्यम से स्वयं दर्ज कर सकेंगे। इससे समय की बचत के साथ आंकड़ों की सटीकता भी सुनिश्चित होगी। दूसरे चरण में 16 मई से 14 जून तक जनगणना कर्मी घर-घर जाकर जानकारी एकत्र करेंगे। कर्मचारी परिवार के सदस्यों की संख्या, शिक्षा, रोजगार, आवासीय स्थिति सहित अन्य जरूरी विवरण दर्ज करेंगे। तहसीलदार मीणा ने बताया कि जनगणना देश की सबसे बड़ी प्रशासनिक प्रक्रिया है, जिसके आधार पर सरकार विकास योजनाएं तैयार करती है। सटीक आंकड़ों से क्षेत्र में संसाधनों का बेहतर वितरण और शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क व पानी जैसी सुविधाओं का विस्तार संभव होता है।