छोटी बहन की शादी से 4 दिन पहले सड़क हादसे में बड़े भाई की मौत हो गई। शादी की तैयारियों के बीच युवक अपनी बड़ी बहन को लेने बाइक लेकर उसके ससुराल जा रहा था। रास्ते में सामने से आई बाइक से भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक पर सवार तीनों युवक उछलकर करीब 10-12 फीट चंबल नदी के पुल की रेलिंग से टकरा गए। हादसे में 1 युवक की मौत हो गई, जबकि 2 घायल हो गए। हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इटावा हॉस्पिटल में पहुंचाया। डॉक्टर ने जांच के बाद 1 युवक को मृत घोषित कर दिया, जबकि 2 घायलों को हायर सेंटर रेफर कर दिया। हादसा कोटा के इटावा थाना क्षेत्र में बारां-लालसोट स्टेट हाईवे-120 पर बुधवार सवेरे करीब 7.30 बजे हुआ। देखें हादसे से जुड़े PHOTOS बड़ी बहन को लेने जा रहा था युवक SI उम्मेद सिंह ने बताया- हादसे में शिवम मीना (21) पुत्र त्रिलोक चंद निवासी कोटा खुर्द (बूंदी) की मौत हो गई, जबकि दूसरी बाइक पर सवार अक्षय मीना (24) निवासी किशनवास, इटावा (कोटा) और भीम सिंह गुर्जर निवासी सवाई माधोपुर घायल हो गए। हादसे में मरने वाले शिवम की छोटी बहन की 19 अप्रैल को शादी थी। घर में तैयारियां चल रही थी। शिवम अपनी बड़ी बहन को लेने बाइक पर मध्यप्रदेश के झोपड़ियां श्योपुर जा रहा था। शिवम मीना 2 बहनों का इकलौता भाई था। पिछले साल ही उसकी शादी हुई थी। दूसरी बाइक पर सवार अक्षय मीना का ITI का एग्जाम था। वो बाइक लेकर टोंक एग्जाम देने जा रहा था। रास्ते में भीम सिंह ने अक्षय से लिफ्ट ली थी। भीम सिंह को लबाना तक जाना था। लेकिन रास्ते में ही उनकी बाइक की भिड़ंत हो गई। उछलकर 12 फीट दूर गिरे युवक, पुल की रेलिंग से टकराए प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया- एक बाइक कोटा खुर्द से इटावा की तरफ जा रही थी, जबकि दूसरी बाइक इटावा से टोंक की तरफ जा रही थी। चंबल नदी के पुल पर दोनों बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर लगते ही दोनों बाइक पर सवार युवक उछलकर करीब 12 फीट दूर जाकर गिरे और पुल की रेलिंग से टकरा गए।