चंडावल के आलीशान खेल मैदान में 23 सितंबर सुबह 9 बजे 70वीं पाली जिला स्तरीय 14 वर्षीय छात्र-छात्रा वर्ग हॉकी प्रतियोगिता का उद्घाटन होगा। मेजबानी दयानंद माध्यमिक विद्यालय, चंडावल कर रहा है। प्रतियोगिता संयोजक नारायणलाल सीरवी के अनुसार पाली जिले के सरकारी और निजी विद्यालयों की टीमें इसमें हिस्सा लेंगी। खिलाड़ियों के ठहरने की व्यवस्था राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर में की गई है। भोजन की व्यवस्था गांव के भामाशाहों के जिम्मे रहेगी। उद्घाटन कार्यक्रम में सीबीईओ दलपतसिंह सांखला और थानाधिकारी गीतासिंह सियाग शामिल होंगे। प्रतियोगिता का समापन 26 सितंबर सुबह 11 बजे होगा। समापन समारोह में डॉक्टर सोहनलाल सीरवी और पाली जिला हॉकी संघ अध्यक्ष राजेंद्र लहर सहित अतिथि मौजूद रहेंगे।