चित्तौड़गढ़ जिले के चंदेरिया थाना क्षेत्र में एक युवक के साथ मंगलवार देर रात गंभीर वारदात होने का मामला सामने आया है। आरोप है कि कार खराब होने का बहाना बनाकर पांच लोग उसके घर पहुंचे और मदद मांगी। युवक ने उनकी बात पर भरोसा करते हुए पहले कार के लिए पानी दिया और फिर मोबाइल की फ्लैश लाइट जलाकर गाड़ी देखने लगा। इसी दौरान आरोपियों ने उसे जबरन कार में डाल लिया। इसके बाद उसे सुनसान जंगल में ले जाकर मारपीट की, गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की और मरा समझकर मौके पर छोड़कर फरार हो गए। कुछ देर बाद होश आने पर युवक किसी तरह हाईवे तक पहुंचा और परिचितों की मदद से हॉस्पिटल पहुंचा। अब पीड़ित ने चंदेरिया थाने में रिपोर्ट देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। मदद मांगने के बहाने घर से बुलाया, फिर कार में डालकर ले गए पुलिस को दी रिपोर्ट के अनुसार नेतावल महाराज निवासी 25 वर्षीय भैरूलाल प्रजापत रात करीब दो बजे अपने पिता के साथ घर में सो रहा था। तभी पांच अज्ञात लोग उसके घर पहुंचे और दरवाजा खटखटाया। उन्होंने बताया कि उनकी ईको कार खराब हो गई है और किसी परिचित ने भैरूलाल के बारे में बताया है। आवाज सुनकर भैरूलाल बाहर आया और घर से दो बाल्टी पानी लाकर कार के रेडिएटर में डालने के लिए दिया। इसके बाद आरोपियों ने वायरिंग देखने के नाम पर मोबाइल की फ्लैश लाइट जलाने को कहा। जैसे ही वह कार के पास खड़ा होकर रोशनी कर रहा था, दो लोगों ने उसे धक्का देकर कार के अंदर खींच लिया। उसके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया, हाथ पकड़ लिए और जेब में रखे 1500 रुपए तथा मोबाइल भी छीन लिया। जंगल में ले जाकर की मारपीट, बेहोश होने पर छोड़कर भागे रिपोर्ट के अनुसार आरोपी युवक को नारेला फाटा के पास जुबिलेंट खाद फैक्ट्री के सामने जंगल में ले गए। वहां उसे कार से उतारकर लात-घूंसों से मारपीट की गई। आरोप है कि आरोपियों ने उसका गला दबाकर जान लेने की कोशिश की। गला दबने से वह बेहोश हो गया। आरोपियों को लगा कि उसकी मौत हो गई है, इसलिए वे उसे वहीं छोड़कर भाग गए। करीब एक घंटे बाद होश आने पर वह किसी तरह हाईवे तक पहुंचा। वहां रुके कुछ लोगों की मदद से उसने अपने चचेरे भाई कमल प्रजापत को फोन किया। इसके बाद परिजन उसे हॉस्पिटल लेकर पहुंचे और पुलिस को भी सूचना दी गई। पुलिस से कार्रवाई और सुरक्षा की मांग भैरूलाल ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि वह आरोपियों को नाम से नहीं जानता, लेकिन सामने आने पर उनकी पहचान कर सकता है। उसने पुलिस से पांचों आरोपियों की जल्द तलाश कर उन्हें गिरफ्तार करने और उसे सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।