बारां की छबड़ा पुलिस ने बाइक चोरी के एक मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस को उसके कब्जे से चोरी की 3 बाइक भी मिली हैं। आरोपी क्षेत्र के अलग-अलग इलाकों से बाइक चोरी कर उन्हें सुनसान जगहों पर छिपाकर रखता था। एसपी अभिषेक अंदासु ने बताया कि 5 सितंबर को सुरेंद्र भार्गव ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 31 अगस्त की सुबह एसबीआई एटीएम, लौटा भैरू के पास से उनकी बाइक चोरी हो गई थी। इस मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। पुलिस टीम ने तकनीकी मदद और मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने गणेश फार्म हाउस के सामने से मनमोहन उर्फ गोलू उर्फ गूंगा को चोरी की बाइक के साथ गिरफ्तार किया। वह यादव मोहल्ला, छबड़ा का रहने वाला है। पूछताछ में आरोपी मनमोहन की निशानदेही पर हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, रिछड़ा के पास झाड़ियों में बने खंडहरों से 2 और चोरी की बाइक मिलीं। इनमें एक बिना नंबर की बाइक भी शामिल है। पुलिस आरोपी से उसके अन्य साथियों के बारे में पूछताछ कर रही है। आरोपी मनमोहन के खिलाफ लूट, नकबजनी, आर्म्स एक्ट, हत्या के प्रयास और मारपीट सहित करीब एक दर्जन मामले दर्ज हैं।