छोटी सादड़ी के जयचंद मोहिल राजकीय उपजिला चिकित्सालय में डॉक्टरों के खाली पद भरने और इलाज व्यवस्था सुधारने की मांग तेज हो गई है। सामाजिक कार्यकर्ता मनीष उपाध्याय ने स्वास्थ्य मंत्री को एसडीएम के जरिए ज्ञापन भेजा है। इसमें अस्पताल में जल्द डॉक्टरों की नियुक्ति और बेहतर सुविधाएं देने की मांग की गई है। ज्ञापन के अनुसार, अस्पताल में लंबे समय से डॉक्टरों की कमी है। अभी सिर्फ पांच डॉक्टर काम कर रहे हैं। इससे मरीजों को इलाज मिलने में परेशानी हो रही है। ग्रामीण और आदिवासी इलाकों से आने वाले गरीब मरीजों को भी दिक्कतें आ रही हैं। मनीष उपाध्याय ने चेतावनी दी है कि अगर डॉक्टरों की नियुक्ति और इलाज व्यवस्था में सुधार पर जल्द फैसला नहीं हुआ, तो वे गांधी चौराहे पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू करेंगे। उन्होंने मांगों पर कार्रवाई न होने पर आंदोलन को बड़ा रूप देने की बात भी कही है।