छोटीसादड़ी के कंडेला मार्ग स्थित प्रसिद्ध श्री सगस बावजी मंदिर में चार दिवसीय कलश स्थापना महोत्सव की तैयारिया जारी है। महोत्सव का शुभारंभ 16 अप्रैल, गुरुवार को सुबह 7 बजे गोविंदेश्वर महादेव मंदिर से भव्य कलश यात्रा के साथ होगा। इसमें महिलाएं सिर पर कलश धारण कर 'हरि बोल' के जयघोष के साथ नगर भ्रमण करेंगी। इसी दिन प्रभात फेरी और रात्रि 8 बजे सुंदरकांड पाठ भी आयोजित किया जाएगा। 17 अप्रैल, शुक्रवार को रात्रि 8 बजे भव्य भजन संध्या होगी। इसमें राजस्थान के प्रसिद्ध भजन गायक गोकुल शर्मा अपनीप्रस्तुतियां देंगे। 18 अप्रैल, शनिवार को रात्रि जागरण का आयोजन किया जाएगा, जिसमें विभिन्न भजन मंडलियां भक्तिमय प्रस्तुतियां देंगी। महोत्सव का समापन 19 अप्रैल, रविवार को होगा। इस दिन सुबह 9 बजे विधि-विधान से कलश स्थापना की जाएगी। इसके बाद सुबह 10 बजे से विशाल भंडारे का आयोजन होगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रसादी ग्रहण करेंगे। सगस सेवा समिति ने सभी धर्मप्रेमियों से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।