भास्कर न्यूज | बारां जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश हिना परिहार ने बुधवार को किशनगंज क्षेत्र के कन्यादह स्थित स्वामी श्रीकृष्ण बालगृह का औचक निरीक्षण किया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव परिहार ने बालगृह में उपस्थित बच्चों से दैनिक समस्याओं के बारे में पूछा। बच्चे शिकायत बताते समय भयभीत दिखाई दिए। संचालक की ओर से बच्चों का डराया धमकाया जाता है कि किसी से शिकायत नहीं करनी, जिससे बच्चों में डर का माहौल था। बालगृह में उपस्थित बच्चों ने बताया कि खाना न तो समय पर मिलता है और न ही उचित मात्रा में मिलता है। बच्चों के खाने की गुणवत्ता भी संतोषजनक नहीं पाई गई। जिसकी जांच सचिव ने की। बच्चों के बार-बार टी-शर्ट व लोअर की मांग करने पर भी संचालक की ओर से सामग्री उपलब्ध नहीं करवाई जाती तथा बच्चों से पढाई के स्थान पर अनावश्यक श्रम करवाया जाता है। बालगृह के कार्यालय के रजिस्टरों का अवलोकन किया तो बालगृह में कुल 22 में से 15 बच्चे उपस्थित मिले। अनुपस्थित बच्चों के अवकाश प्रार्थना-पत्रों का अवलोकन करने पर अनुपस्थिति की सूचना नहीं मिली। बालगृह के कार्यालय के रजिस्टरों का अवलोकन करने पर संचालक अनुपस्थित मिला तथा उसका अवकाश प्रार्थना-पत्र भी नहीं मिला। निरीक्षण के दौरान डॉ. पुनीत परूथी, महिला प्रतिनिधि कीर्ति एवं कनिष्ठ सहायक नवनीत सिंह आदि उपस्थित थे।