चित्तौड़गढ़ के चंदेरिया स्थित बिरला फैक्ट्री में बुधवार को सफाई का काम करते 4 मजदूर ऊंचाई से गिर गए। ये मजदूर फैक्ट्री के प्लांट एरिया में टीन शेड पर सफाई कर रहे थे। बैलेंस बिगड़ने पर चारों नीचे आ गिरे। हादसे के बाद सभी को तुरंत बिरला हॉस्पिटल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार- सभी मजदूरों की हालत सामान्य है। किसी को गंभीर चोट नहीं आई। हालांकि घटना के बाद मजदूरों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि मजदूरों को सुरक्षा के लिए जरूरी उपकरण दिए गए थे या नहीं। टीन शेड के ऊपर जमा सीमेंट और गंदगी साफ कर रहे थे मजदूर जानकारी के अनुसार तालेड़ी गांव के रहने वाले बिरम सिंह, छोटू सिंह, दलपत सिंह और गोपाल दरोगा बिरला फैक्ट्री में ठेकेदार के जरिए सफाई का काम कर रहे थे। बुधवार को चारों मजदूर फैक्ट्री के प्लांट क्षेत्र में टीन शेड के ऊपर सफाई कर रहे थे। टीन शेड पर जमा सीमेंट और अन्य गंदगी को हटाने का काम किया जा रहा था। मजदूर मंगलवार को भी इसी जगह काम कर चुके थे। बुधवार को भी वे यहीं सफाई का काम कर रहे थे। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से चारों नीचे आ गिरे। कुछ लोगों ने शुरुआत में टीन शेड गिरने की बात कही थी, लेकिन बाद में सामने आया कि मजदूर टीन शेड से नीचे गिरे थे, उनके ऊपर शेड नहीं गिरा था। पुलिस बोली- सभी मजदूर ठीक, किसी ने नहीं दी शिकायत चंदेरिया थाना पुलिस को बिरला फैक्ट्री से सूचना मिली थी कि प्लांट के अंदर चद्दर गिरने से चार लोग घायल हुए हैं। सूचना मिलने के बाद चारों को अस्पताल पहुंचाया गया। चंदेरिया थानाधिकारी भारत सिंह ने बताया- घटना में किसी को गंभीर चोट नहीं आई। गिरने से सिर्फ शरीर में झटका लगा। सभी लोग ठीक हैं और स्थिति सामान्य है। अभी तक किसी भी मजदूर की ओर से कोई रिपोर्ट या शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। मौके पर शांति बनी हुई है। हादसे की जांच से ही साफ होगी असली वजह फिलहाल यह मामला काम के दौरान हुए हादसे के रूप में सामने आया है, लेकिन टीन शेड पर मजदूरों के काम करने के दौरान बरती गई सावधानियों को लेकर जांच जरूरी है। फैक्ट्री में ऊंचाई वाले स्थानों पर काम करने वाले मजदूरों की सुरक्षा सबसे अहम होती है। जांच के बाद ही पता चल सकेगा कि हादसा टीन शेड की स्थिति खराब होने से हुआ या फिर सुरक्षा इंतजामों में किसी तरह की कमी रही।