चित्तौड़गढ़ जिले की बेगूं तहसील के मादवड़ा गांव में केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) ने नशीले पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक घर पर छापा मारा। इस दौरान टीम ने घर से कुल 7.400 किलोग्राम अवैध अफीम और 130.160 किलोग्राम बिना चीरा लगाया हुआ डोडा बरामद किया। यह कार्रवाई नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। अधिकारियों के अनुसार बरामद मात्रा काफी अधिक है, जिससे यह साफ होता है कि आरोपी लंबे समय से इस अवैध कारोबार में शामिल था। इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है और उससे पूछताछ जारी है। खुफिया सूचना के आधार पर बनाई गई टीम CBN कोटा को पहले से मुखबिर से सूचना मिली थी कि मादवड़ा गांव का एक व्यक्ति अपने घर में बड़ी मात्रा में अफीम और डोडे छिपाकर रखे हुए है और नशीले पदार्थों की तस्करी कर रहा है। इस सूचना के आधार पर डिप्टी नारकोटिक्स कमिश्नर नरेश बुंदेल के निर्देशन में और अमर सिंह के नेतृत्व में एक संयुक्त टीम बनाई गई। इस टीम में CBN कोटा और भवानीमंडी सेल के अधिकारी शामिल थे। प्लानिंग के अनुसार टीम को सुबह तड़के ही मौके के लिए रवाना किया गया ताकि आरोपी को संभलने का मौका न मिले और कार्रवाई सफल हो सके। दरवाजा नहीं खोलने पर मशीन से काटना पड़ा जब टीम संदिग्ध घर पर पहुंची और तलाशी शुरू की, तो घर में मौजूद व्यक्ति ने छत पर बने एक कमरे का दरवाजा खोलने से मना कर दिया। इसके बाद अधिकारियों को शक और गहरा हुआ। टीम ने तुरंत लोहे का दरवाजा काटने वाली मशीन (आयरन गेट कटर) मंगवाई और दरवाजे को काटकर अंदर प्रवेश किया। कमरे की तलाशी लेने पर वहां छिपाकर रखी गई भारी मात्रा में अफीम और डोडा बरामद हुआ। इस पूरी कार्रवाई के दौरान टीम ने हर प्रक्रिया को नियमों के तहत पूरा किया और मौके पर ही जब्ती की कार्रवाई की गई। आरोपी गिरफ्तार, NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कार्रवाई के दौरान मौके से मुकेश गुर्जर (33), पुत्र घीसालाल गुर्जर को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में सामने आया कि वह इस अवैध कारोबार से जुड़ा हुआ था। अधिकारियों ने बताया कि सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद बरामद नशीले पदार्थों को जब्त कर लिया गया है। आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट (नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस एक्ट) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल आरोपी से यह जानने की कोशिश की जा रही है कि वह यह सामान कहां से लाता था और किन लोगों को सप्लाई करता था।