चित्तौड़गढ़ जिले में मानसून ने एंट्री ले ली है। कई इलाकों में अच्छी बारिश हो रही है। जिला मुख्यालय चित्तौड़गढ़ शहर अब भी तेज बारिश का इंतजार है। पिछले 24 घंटे में ​जिले के अलग-अलग हिस्सों में बारिश दर्ज की गई है। जिससे खेतों, तालाबों और बांधों में पानी की आवक बढ़ी है। वहीं शहर में सिर्फ 4 एमएम बारिश हुई। मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल बारिश का दौर जारी रहेगा, हालांकि 11 जुलाई के बाद अगले एक सप्ताह तक बारिश की गतिविधियों में कुछ कमी आ सकती है। इसके बावजूद बीच-बीच में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना बनी रहेगी। भदेसर और निंबाहेड़ा सबसे आगे, शहर पीछे पिछले 24 घंटे में जिले में सबसे ज्यादा 91 एमएम बारिश भदेसर में दर्ज की गई। इसके बाद निंबाहेड़ा में 86 एमएम बारिश हुई। डूंगला में 43 एमएम, बड़ीसादड़ी में 27 एमएम, बस्सी में 19 एमएम, रावतभाटा में 18 एमएम, बेगूं में 14 एमएम, कपासन में 9 एमएम, चित्तौड़गढ़ शहर में 4 एमएम और भूपालसागर में 3 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई। अलग-अलग क्षेत्रों में हुई इस बारिश से साफ है कि इस बार मानसून पूरे जिले में एक जैसा असर नहीं दिखा रहा है। कहीं अच्छी बारिश हो रही है तो कहीं लोग अब भी तेज बरसात का इंतजार कर रहे हैं। सामान्य बारिश का 31 प्रतिशत पूरा मानसून की शुरुआत को अभी ज्यादा समय नहीं हुआ है, लेकिन जिले में अब तक कुल औसत 232.92 एमएम बारिश दर्ज की जा चुकी है। यह पूरे मानसून की औसत बारिश का करीब 31.06 प्रतिशत है। इसकी एक बड़ी वजह मानसून आने से पहले हुई प्री-मानसून बारिश भी रही, जिसने शुरुआती दौर में ही बारिश का आंकड़ा बढ़ा दिया। अच्छी बारिश से किसानों के चेहरों पर राहत जरूर दिख रही है और खरीफ फसलों की बुवाई को भी फायदा मिल रहा है। वहीं जलाशयों और छोटे बांधों में भी धीरे-धीरे पानी पहुंचना शुरू हो गया है। तापमान में हल्का उतार-चढ़ाव गुरुवार सुबह से चित्तौड़गढ़ शहर में बादलों और धूप की आवाजाही लगातार बनी रही। मौसम पूरी तरह खुला भी नहीं और तेज बारिश भी नहीं हुई। पिछले 24 घंटे में शहर का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे पहले 48 घंटे के आंकड़ों में अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस रहा था। तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होने से लोगों को उमस का भी सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार अगले एक-दो दिन तक जिले में बारिश की गतिविधियां बनी रहेंगी। इसके बाद 11 जुलाई से करीब एक सप्ताह तक बारिश की रफ्तार कुछ धीमी पड़ सकती है। विभाग का कहना है कि इस दौरान कई स्थानों पर छिटपुट बारिश हो सकती है और मौसम कभी भी बदल सकता है।