जोधपुर में पुलिस ने लाखों रुपए का डोडा पोस्त बरामद किया। विवेक विहार थाना पुलिस और जिला विशेष टीम (DST) ने घेराबंदी कर दो आरोपियों को दबोच लिया। ब्रेजा कार में 25.250 किलो अवैध डोडा पोस्त छिपा रखा था। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ में जुट गई है। गिरफ्तार आरोपी सुनील विश्नोई (28) पुत्र बाबूराम, निवासी डोली, थाना कल्याणपुर जिला बालोतरा ओर तिलाराम जाट (29) पुत्र रुघाराम, निवासी नया गांव अलाय, थाना श्री बालाजी जिला नागौर है। अवैध मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कार्रवाई को अंजाम दिया गया। डीसीपी वेस्ट कमल शेखावत के निर्देशों पर एडिशनल सीपी प्रवीण कुमार और एसीपी बोरानाडा नरेंद्र कुमार पारीक के सुपरविजन में यह कार्रवाई की गई। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज विवेक विहार थानाधिकारी बलवंतराम की टीम और डीएसटी ने खुफिया सूचना के आधार पर 31 जुलाई को मंगल नगर क्षेत्र में घेराबंदी कर इस कार्रवाई को अंजाम दिया। विवेक विहार थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी चित्तौड़गढ़ से मादक पदार्थ की खेप खरीदकर लाए थे। जिसे यहां लोकल इलाकों में सप्लाई किया जाना था। पुलिस अब आरोपियों से यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि ओर कौन कौन इस नेटवर्क में शामिल है।