चित्तौड़गढ़ दुर्ग पर स्थित कीर्ति स्तंभ के पास मल्लिनाथ भगवान के जैन मंदिर में गुरुवार देर रात चोरी की घटना सामने आई है। अज्ञात चोरों ने मंदिर को निशाना बनाते हुए वहां से कीमती सामान और धार्मिक वस्तुएं चुरा लीं। चोर पहले मंदिर में पीछे की ओर से घुसने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन गेट मजबूत होने के कारण वह उसे तोड़ नहीं सके। इसके बाद वे मुख्य गेट की तरफ आए और वहां लगे सात ताले तोड़कर मंदिर के अंदर घुसे। हैरानी की बात यह है कि मंदिर पर दो सुरक्षा गार्ड भी तैनात थे, इसके बावजूद चोर आसानी से वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। सुबह मंदिर खुलने पर सामने आई घटना, गर्भगृह का दरवाजा भी टूटा मिला मंदिर के मैनेजर संजय कुमार जैन ने बताया - वह रोज की तरह शुक्रवार सुबह करीब 5:15 बजे मंदिर खोलने पहुंचे थे। जैसे ही उन्होंने मुख्य दरवाजे को देखा तो वहां लगे सभी ताले टूटे हुए थे और दरवाजा खुला हुआ था। यह देखकर वह तुरंत अंदर गए, जहां उन्होंने पाया कि गर्भगृह का दरवाजा भी तोड़ा गया है। मंदिर के अंदर रखे सामान को जांचने पर पता चला कि भगवान के पास रखी अष्टधातु की दो प्रतिमाएं, जिनमें श्री शांति नाथ भगवान और महावीर स्वामी की प्रतिमाएं शामिल हैं, चोरी हो चुकी हैं। इसके अलावा मूर्तियों के ऊपर लगे चांदी के छत्र भी गायब थे। चांदी के छत्र, पंचमेरू और नकदी समेत कई सामान गायब संजय जैन ने बताया कि चोरी में केवल प्रतिमाएं ही नहीं बल्कि अन्य कीमती सामान भी ले जाया गया है। चोर करीब 9 किलो वजन के चांदी के 9 छत्र, पंचमेरू के 5 पीस, चांदी के दो चंवर, एक छोटा चांदी का छत्र और चांदी का सिंहासन भी चुरा ले गए। इसके अलावा मंदिर में रखा एक इंडक्शन चूल्हा और तिजोरी में रखे लगभग एक लाख रुपए नकद भी गायब मिले हैं। भगवान के पीछे लगे आभामंडल से भी आर्टिफिशियल धातु की प्लेट और चांदी की एक प्लेट चोरी हो गई है। इस घटना से मंदिर को बड़ा नुकसान हुआ है और धार्मिक भावनाओं को भी ठेस पहुंची है। गार्ड ड्यूटी पर थे, फिर भी नहीं रुकी चोरी; पुलिस जांच में जुटी मंदिर के मैनेजर ने बताया - गुरुवार शाम 7 बजे रोजाना की तरह पूजा-अर्चना के बाद मंदिर को पुरातत्व विभाग के गार्ड को सौंप दिया गया था। लेकिन जब सुबह घटना का पता चला तो दोनों गार्ड अपने केबिन में सोते हुए मिले। पूछने पर उन्होंने बताया कि रात करीब 1:30 बजे तक सब कुछ सामान्य था। इसके बाद क्या हुआ, इसकी उन्हें जानकारी नहीं है। घटना की सूचना मिलते ही किला चौकी इंचार्ज मय जाब्ता मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। साथ ही मंदिर के अध्यक्ष और समाज के लोगों को भी सूचना दी गई। पुलिस अब आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और चोरों की तलाश में जुट गई है। इस घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन की जिम्मेदारी पर भी सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल संजय जैन ने इसकी एक रिपोर्ट दी है।