चित्तौड़गढ़ के गांधीनगर स्थित संकट मोचन हनुमान मंदिर में बुधवार तड़के चोरी की कोशिश का मामला सामने आया है। सुबह करीब 4 से 4:30 बजे के बीच तीन चोर मंदिर में घुसने पहुंचे थे। चोरों ने मंदिर के मेन गेट का ताला तोड़ दिया था और अंदर जाने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन इसी दौरान मोहल्ले के एक युवक की नजर उन पर पड़ गई। युवक के देखते ही चोर घबरा गए और मौके से भाग निकले। इस घटना से इलाके के लोगों में डर और नाराजगी दोनों देखने को मिल रही है, क्योंकि धार्मिक स्थल पर इस तरह की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। युवक की सूझबूझ से बचा मंदिर, चोर मौके से फरार मंदिर के पास रहने वाले रवि चतुर्वेदी ने बताया कि उस समय मनीष तेली नाम का युवक रोज की तरह जिम जाने के लिए घर से निकला था। जैसे ही वह मंदिर के पास पहुंचा, उसने वहां संदिग्ध गतिविधि देखी और तुरंत समझ गया कि कुछ गड़बड़ है। मनीष बिना देर किए वापस रवि चतुर्वेदी के घर गया और उन्हें जगाया। इसके बाद रवि और उनका भाई तुरंत मंदिर पहुंचे, लेकिन तब तक चोर वहां से भाग चुके थे। अगर मनीष समय पर सतर्कता नहीं दिखाता, तो संभव है कि चोर मंदिर में बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दे देते। हाथ गाड़ी छोड़कर भागे चोर, रेकी की आशंका घटना के बाद मौके पर एक हाथ गाड़ी भी मिली, जिसे चोर वहीं छोड़कर भाग गए। इससे यह अंदाजा लगाया जा रहा है कि चोर चोरी करने के बाद सामान ले जाने की पूरी तैयारी के साथ आए थे। स्थानीय लोगों का कहना है कि सुबह 3 से 4 बजे के बीच कुछ लोग भंगार लेने के बहाने इलाके में आते हैं, लेकिन इतने सुबह किसी के आने पर संदेह होता है। लोगों को शक है कि चोरों ने पहले से मंदिर की रेकी की होगी और उसी के आधार पर वारदात को अंजाम देने की योजना बनाई थी। जूते-चप्पल उतारकर मंदिर में घुसने की कोशिश मौके पर चोरों के जूते-चप्पल भी पड़े मिले हैं, जिससे यह साफ होता है कि वे मंदिर के अंदर घुसने से पहले अपने जूते-चप्पल बाहर ही उतार रहे थे। यह बात लोगों को और ज्यादा चौंकाने वाली लगी, क्योंकि चोरी करने आए लोग भी मंदिर के अंदर जाने से पहले इस तरह का व्यवहार कर रहे थे। पुलिस पहुंची मौके पर, गश्त बढ़ाने की मांग घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले का मुआयना किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से भी पूछताछ की है। वहीं, स्थानीय लोगों ने पुलिस की गश्त पर सवाल उठाते हुए कहा कि इलाके में नियमित रूप से गश्त नहीं होती, जिससे चोरों के हौसले बढ़ रहे हैं। उन्होंने मांग की है कि पुलिस को यहां सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करनी चाहिए। बता दे कि करीब दो साल पहले भी इसी मंदिर में चोरी की कोशिश की गई थी, जिससे लोगों में पहले से ही चिंता बनी हुई है।