चित्तौड़गढ़ जिले में गुरुवार सुबह मौसम का मिजाज बदला जरूर, लेकिन शहर के लोगों को बारिश से राहत नहीं मिल सकी। सुबह से आसमान में बादल छाए रहे और बीच-बीच में हल्की बूंदाबांदी होती रही। इसके बावजूद चित्तौड़गढ़ शहर में सुबह 8 बजे तक सिर्फ 1 एमएम बारिश दर्ज हुई। वहीं जिले के दूसरे हिस्सों में बादल ज्यादा मेहरबान रहे। सबसे ज्यादा 39 एमएम बारिश निंबाहेड़ा में हुई। इसके अलावा बेगूं में 38 एमएम, भैंसरोडगढ़ में 37 एमएम, बस्सी में 15 एमएम और गंगरार में 9 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई। अलग-अलग इलाकों में हुई इस बारिश से मौसम में हल्का बदलाव जरूर आया है, लेकिन शहर में लोग अब भी अच्छी बारिश का इंतजार कर रहे हैं। हल्की बारिश के बाद भी उमस से नहीं मिली राहत शहर में हुई हल्की बूंदाबांदी गर्मी और उमस को कम नहीं कर सकी। सुबह से बादल छाए रहने के बावजूद हवा में नमी ज्यादा होने से चिपचिपी गर्मी बनी रही। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को चित्तौड़गढ़ शहर का अधिकतम तापमान 38.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे पहले अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस था। यानी हल्की बारिश और बादलों के असर से रात के तापमान में गिरावट दर्ज हुई है, लेकिन दिन के समय गर्मी और उमस का असर अभी भी बना हुआ है। बांधों के कैचमेंट में भी हुई बारिश, प्री-मानसून सामान्य से ज्यादा जिले के कुछ बांधों के कैचमेंट एरिया में भी अच्छी बारिश हुई है। गंभीरी बांध क्षेत्र में 55 एमएम, औराई बांध में 17 एमएम और बस्सी बांध क्षेत्र में 10 एमएम बारिश दर्ज की गई। इससे बांधों में पानी की आवक बढ़ने की उम्मीद है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार 1 जून से अब तक जिले में प्री-मानसून के दौरान सामान्य से 133.92 प्रतिशत बारिश हो चुकी है। यह जिले की औसत सालाना बारिश का 17.86 प्रतिशत है। यानी प्री-मानसून के दौरान इस बार अब तक सामान्य से अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई है। आज भारी बारिश की संभावना, मौसम विभाग ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट मौसम विभाग ने गुरुवार को चित्तौड़गढ़ जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार जिले में कहीं-कहीं मध्यम से तेज मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश और कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। इसके साथ 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। ऐसे में लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगर दिन में मौसम प्रणाली सक्रिय होती है तो जिले के कई हिस्सों में अच्छी बारिश देखने को मिल सकती है।