चित्तौड़गढ़ शहर के पास कोटा फोरलेन पर सोमवार दोपहर हुए सड़क हादसे में नया मोड़ आया है। ट्रेवल्स कंपनी के ड्राइवर अब्दुल हाई खान की तेज रफ्तार कार की टक्कर से मौके पर ही मौत हो गई थी। शुरुआत में मामला सामान्य सड़क हादसा माना जा रहा था, लेकिन देर रात तीन लोगों के घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जानकारी लेने और फुटेज तलाशने की कोशिश करने के बाद मृतक के परिजनों और साथियों ने पूरे मामले पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि हादसे की गहराई से जांच होनी चाहिए, क्योंकि उन्हें यह सिर्फ एक सामान्य दुर्घटना नहीं लग रही। कार सवार ने मारी थी टक्कर मृतक के रिश्तेदार शमसुद्दीन और श्रीनाथ ट्रेवल्स का काम संभालने वाले भंवर सिंह ने बताया कि 52 वर्षीय अब्दुल हाई खान मूल रूप से उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ के रहने वाले थे और चित्तौड़गढ़ में श्रीनाथ ट्रेवल्स में ड्राइवर के रूप में काम करते थे। सोमवार दोपहर वह भंडारिया रोड स्थित ट्रेवल्स ऑफिस के सामने एक होटल पर आराम कर रहे थे। करीब 3:15 बजे वह उठकर हाईवे पार करते हुए अपने ऑफिस की ओर जा रहे थे। इसी दौरान गलत दिशा से तेज रफ्तार में आई एक कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। रात में CCTV कैमरे तलाशते दिखे तीन लोग, बढ़ा शक हादसे के कई घंटे बाद सोमवार रात करीब 11 बजे एक केरल नंबर की कार कई बार ट्रेवल्स ऑफिस के सामने आती-जाती दिखाई दी। कार में सवार तीन लोग आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जानकारी लेते और फुटेज के बारे में पूछताछ करते नजर आए। यह बात ट्रेवल्स ऑफिस के कर्मचारियों को संदिग्ध लगी। उन्होंने भी उस कार का पीछा किया, लेकिन वह लोग वहां से निकल गए। इस घटना के बाद मृतक के परिजनों और साथियों का शक और बढ़ गया। उनका कहना है कि ऐसा लग रहा था जैसे कार में बैठे लोग यह पता करना चाहते हों कि हादसे की तस्वीर कहीं किसी कैमरे में रिकॉर्ड तो नहीं हो गई। परिजनों ने गहन जांच की मांग की मंगलवार को मृतक के परिजनों के चित्तौड़गढ़ पहुंचने के बाद जिला हॉस्पिटल में शाम को पोस्टमार्टम कराया गया और शव उन्हें सौंप दिया गया। मृतक के रिश्तेदार शमसुद्दीन और श्रीनाथ ट्रेवल्स का काम संभालने वाले भंवर सिंह का कहना है कि हादसे के बाद हुई गतिविधियां कई सवाल खड़े करती हैं। उनके अनुसार कार में आए लोग मृतक को जानते थे और सीसीटीवी फुटेज की जानकारी जुटा रहे थे। इसलिए पूरे मामले की सामान्य सड़क हादसे की तरह नहीं, बल्कि हर पहलू से जांच की जानी चाहिए। फिलहाल पुलिस दुर्घटना और सामने आए इन नए तथ्यों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।