चित्तौड़गढ़ के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल में दो दिन पहले रामाश्रय वार्ड में आधी रात को एक चोर घुसा और मरीजों व उनके परिजनों के तीन मोबाइल चोरी कर ले गया, जिसकी पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। चोरी का एक सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। यह फुटेज 24 तारीख की रात 2 बजकर 10 मिनट का है। सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा गया है कि ये चोर वार्ड में घूमता है। मरीज के पास जाकर फोन उठा कर निकल जाता है। फुटेज में चोर का चेहरा भी दिखाई दे रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें पकड़ना चुनौती बना हुआ है। प्रशासन ने पुलिस से की कार्रवाई की मांग जिला हॉस्पिटल के पीएमओ डॉ. दिनेश वैष्णव ने माना कि हॉस्पिटल में चोरी की घटनाएं कई बार हो चुकी हैं। उन्होंने बताया कि इस संबंध में पुलिस को कई बार सूचना दी गई है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की गई है। उनका कहना है कि हॉस्पिटल में मरीजों की सुरक्षा सबसे ज्यादा जरूरी है और इसके लिए जल्द ठोस कदम उठाए जाने चाहिए, ताकि मरीज और उनके परिजन बिना किसी डर के इलाज करवा सकें। पुलिस की कार्रवाई पर उठ रहे सवाल लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को लेकर पीड़ितों में नाराजगी बढ़ रही है। उनका कहना है कि पुलिस में शिकायत दर्ज कराने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नजर नहीं आ रही है। कई केस दर्ज तो हो रहे हैं, लेकिन न तो चोरी हुए मोबाइल बरामद हो पा रहे हैं और न ही किसी बड़े गिरोह का खुलासा हो रहा है।