चित्तौड़गढ़ में गोपालनगर के मानपुरा रिंको इंडस्ट्रीज एरिया में पिछले एक साल से चोर चोरी की घटना को अंजाम दे रहे हैं। जिससे लेकर कारोबारियों की चिंता बढ़ गई है। लगातार बढ़ती चोरी को लेकर कारोबारियों में रोष है। वहीं अपनी फैक्ट्रियों की सुरक्षा को लेकर परेशान हैं। मंगलवार को उद्योग क्षेत्र के व्यापारी एकजुट होकर SP ऑफिस पहुंचे और चोरियों पर रोक लगाने की मांग उठाई। ​शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं हुई कारोबारियों का कहना है कि रात होते ही चोर बेखौफ होकर फैक्ट्रियों में घुस जाते हैं और मोटर, बिजली की केबल समेत कीमती सामान चोरी कर ले जाते हैं। कई मामलों में पुलिस को शिकायत भी दी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से व्यापारियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। तीन दिन में छह फैक्ट्रियों में चोरी गोपालनगर लघु उद्योग संस्थान के कोषाध्यक्ष श्याम सुंदर न्याति ने बताया- चोरी की घटनाएं अब पहले से ज्यादा बढ़ गई हैं। सिर्फ पिछले तीन दिनों में ही छह फैक्ट्रियों को निशाना बनाया गया। चोर मोटर और बिजली की केबल ही नहीं ले गए, बल्कि कई जगह लगे सीसीटीवी कैमरों के डीवीआर भी निकालकर साथ ले गए, ताकि उनके खिलाफ कोई सबूत न बच सके। इससे साफ है कि चोर पूरी तैयारी के साथ वारदात को अंजाम दे रहे हैं। लगातार हो रही इन घटनाओं से उद्योग क्षेत्र के लोगों में डर का माहौल है और उन्हें हर रात नई चोरी की आशंका बनी रहती है। एफआईआर के बाद भी कार्रवाई नहीं उन्होंने कहा- हर चोरी के बाद पुलिस को सूचना दी गई और कोतवाली थाने में कई एफआईआर भी दर्ज कराई गईं। इसके बावजूद अब तक न तो चोर पकड़े गए और न ही चोरी हुआ सामान बरामद हो सका। व्यापारियों का कहना है कि लाखों रुपए का नुकसान होने के बाद भी उन्हें कोई राहत नहीं मिली। कारोबारियों की मांग: सामान मिले और सुरक्षा बढ़े व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि उद्योग क्षेत्र में लगातार हो रही चोरियों को गंभीरता से लिया जाए। उनका कहना है कि सबसे पहले चोरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए और चोरी हुआ सामान बरामद कराया जाए। इसके साथ ही रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाई जाए, ताकि चोरों पर लगाम लग सके। कारोबारियों का कहना है कि उद्योग क्षेत्र जिले की अर्थव्यवस्था का जरूरी हिस्सा है और यदि यहां सुरक्षा नहीं होगी तो इसका असर कारोबार और रोजगार दोनों पर पड़ेगा। उनका कहना है कि वे केवल कार्रवाई का भरोसा नहीं, बल्कि जमीन पर उसका असर भी देखना चाहते हैं।