चित्तौड़गढ़ शहर के रेलवे स्टेशन रोड स्थित प्रताप सर्किल पर शनिवार को जैन दिवाकर चौथमल जी म.सा के नाम पर बनाए गए “जैन दिवाकर स्तंभ” का लोकार्पण किया गया। प्रोग्राम में मुख्य अतिथि के रूप में चंद्रभान सिंह आक्या ने मोली खोलकर स्तंभ का उद्घाटन किया। कार्यक्रम धार्मिक तरीके से हुआ, जिसकी शुरुआत नवकार मंत्र और मांगलिक श्रवण के साथ की। प्रोग्राम के दौरान पूरे क्षेत्र को रंगोली और सजावट से आकर्षक बनाया गया तथा “जग में चमके जैन दिवाकर” जैसे जयकारों से माहौल धर्ममय बना रहा। धार्मिक अनुष्ठानों के साथ संपन्न हुआ प्रोग्राम इस लोकार्पण कार्यक्रम में साध्वी डा. कुमुदलता म.सा, स्वर साम्राज्ञी साध्वी डा. महाप्रज्ञा म.सा, साध्वी डा. पदमकीर्ति म.सा और राजकीर्ति म.सा की पावन उपस्थिति रही। प्रोग्राम की शुरुआत नवकार मंत्र से की गई, जिसके बाद साध्वी डा. कुमुदलता म.सा ने मांगलिक श्रवण करवाया। इस दौरान बड़ी संख्या में जैन समाज के श्रावक-श्राविकाएं मौजूद रहे और पूरे कार्यक्रम में भक्ति व उत्साह का माहौल बना रहा। सजावट और विशेष बनावट से आकर्षण का केंद्र बना स्तंभ लोकार्पण के समय जैन दिवाकर स्तंभ के आसपास सुंदर रंगोली बनाई गई और रंग-बिरंगे कृत्रिम फूलों से पूरे इलाके को सजाया गया। प्रताप सर्किल को भी जैन ध्वजाओं से सजाया गया, जिससे पूरा माहौल काफी आकर्षक और खूबसूरत नजर आया। इस स्तंभ को तीन हिस्सों में बनाया गया है। सबसे ऊपर वाले हिस्से में चारों तरफ जैन दिवाकर चौथमल जी म.सा के चित्र लगाए गए हैं, जो रात में भी रोशनी में दिखाई देंगे। बीच वाले हिस्से में जैन धर्म के चिन्ह बनाए गए हैं। नीचे वाले हिस्से में नवकार मंत्र लिखा गया है और साथ ही चौथमल जी म.सा के जीवन के बारे में जानकारी दी गई है। समारोह में समाज को प्रेरित करने की बात, आयोजकों के कोशिशों की सराहना हुई लोकार्पण के बाद शहीद स्मारक पार्क में हुए कार्यक्रम में साध्वी डा. कुमुदलता म.सा ने जैन दिवाकर संगठन समिति चित्तौड़गढ़ के अध्यक्ष राजेश सेठिया और मंत्री सुधीर जैन के कोशिशों की तारीफ की। उन्होंने कहा कि अपनी विहार यात्रा के दौरान उन्होंने दिवाकर गुरु के नाम से 10 नए सर्किल या स्थान बनाने का संकल्प लिया है। चित्तौड़गढ़ में बना यह स्तंभ उसी दिशा में एक अहम कदम है, जिससे समाज के और लोग भी प्रेरित होंगे। आयोजन में बड़ी संख्या में जैन समाज के लोग हुए शामिल प्रोग्राम में अखिल भारतीय जैन दिवाकर संगठन समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष डा. आई. एम. सेठिया ने अध्यक्षता की, जबकि श्रमण संघ अध्यक्ष किरण डांगी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। आयोजन श्री जैन दिवाकर संगठन समिति चित्तौड़गढ़ के अध्यक्ष राजेश सेठिया और मंत्री सुधीर जैन के संयोजन में हुआ। इस दौरान बड़ी संख्या में जैन समाज के कई लोग प्रोग्राम में शामिल हुए।