चित्तौड़गढ़ सांसद सीपी जोशी ने संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) की सात दिवसीय आधिकारिक यात्रा को अपने जीवन का यादगार अनुभव बताया है। सोमवार रात भारत लौटने के बाद उन्होंने कहा कि दुनिया के 193 देशों के प्रतिनिधियों के बीच भारत का प्रतिनिधित्व करना उनके लिए गर्व की बात रही। उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में उन्हें दुनिया के सबसे बड़े वैश्विक मंच पर भारत का पक्ष रखने का अवसर मिला। जोशी ने कहा- संयुक्त राष्ट्र महासभा ऐसा मंच है, जहां दुनिया के सभी देश एक साथ बैठकर वैश्विक मुद्दों पर चर्चा करते हैं। ऐसे मंच पर भारत की बात रखना उनके लिए सम्मान की बात रही। उन्होंने इस जिम्मेदारी को अपने सार्वजनिक जीवन का महत्वपूर्ण अनुभव बताया। वैश्विक चुनौतियों और सहयोग पर चर्चा हुई सांसद जोशी ने बताया- 7 दिन की यात्रा के दौरान उन्हें विभिन्न बैठकों में शामिल होने का अवसर मिला। इन बैठकों में वैश्विक चुनौतियों, देशों के बीच सहयोग बढ़ाने और भविष्य की जरूरतों सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। अलग-अलग देशों के प्रतिनिधियों ने अपने विचार रखे और अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि ऐसे अंतरराष्ट्रीय मंच भारत को अपनी सोच और सुझाव दुनिया के सामने रखने का अवसर देते हैं। यह यात्रा उनके लिए ही नहीं, बल्कि देश के दृष्टिकोण से भी महत्वपूर्ण रही। इस दौरान उन्हें भारत का पक्ष रखने के साथ विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों से सीधे संवाद करने और कई विषयों पर चर्चा करने का मौका मिला। भारत लौटते ही सांवलियाजी मंदिर पहुंचे संयुक्त राष्ट्र महासभा की यात्रा पूरी करने के बाद सांसद जोशी सोमवार शाम दिल्ली से विमान के जरिए उदयपुर पहुंचे। वहां से वे सीधे श्री सांवलियाजी मंदिर पहुंचे और भगवान के दर्शन किए। इसके बाद मंदिर परिसर में उनका स्वागत और अभिनंदन किया गया। इस दौरान मंदिर मंडल अध्यक्ष जानकीदास वैष्णव, विधायक अर्जुनलाल जीनगर, पूर्व अध्यक्ष सत्यनारायण शर्मा, अनिल चंडालिया सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी मौजूद रहे। जिला मुख्यालय से भाजपा नेता हर्षवर्धन सिंह, श्रवण सिंह राव, कमलेश पुरोहित, सांसद के सहपाठी गोविंद गोपाल ईनाणी, सीए मुकेश गग्गड़ और पंकज बसेर सहित कई लोगों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। उदयपुर में भी भाजपा जिला अध्यक्ष रतनलाल गाडरी, मंदिर मंडल अध्यक्ष हजारीदास वैष्णव, जीएसएस अध्यक्ष राजकुमार वैष्णव, भाजयुमो मंडल महामंत्री रामलाल जाट सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। फोटो-वीडियो क्रेडिट - आशुतोष सोनी