चित्तौड़गढ़ जिले में नारकोटिक्स विभाग के तीनों डिवीजन में इस साल की अफीम तौल प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। जिले के 765 गांवों के 16,454 किसानों ने अफीम की तौल करवाई और विभाग ने उनसे कुल 1,34,912.09 किलो अफीम खरीदी है। इस बड़े स्तर पर हुई तौल के बाद पहले और तीसरे डिवीजन के किसानों को भुगतान भी कर दिया गया है। जबकि दूसरे डिवीजन के किसान अब भी अपनी फाइनल रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं। विभाग की ओर से पहले और तीसरे डिवीजन के किसानों को कुल 9 करोड़ 98 लाख 18 हजार 248 रुपए का भुगतान किया जा चुका है। दूसरे डिवीजन में अभी भुगतान रोक कर रखा गया है और यह फाइनल रिपोर्ट आने के बाद ही किया जाएगा। CPS पद्धति के कुल 5 करोड़ से ज्यादा का भुगतान इसी तरह, CPS पद्धति के तहत भी बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लिया, जहां 684 गांवों के 4,836 किसान अपने डोडे लेकर पहुंचे। तीनों विभाग ने इन किसानों से कुल 2,19,279.81 किलो डोडे खरीदे और इसके बदले में तीनों डिवीजन के अधिकारियों ने कुल 5 करोड़ 59 लाख 19 हजार 306 रुपए का भुगतान किया है। इस पूरी प्रक्रिया के बाद अब किसानों की नजरें खासतौर पर दूसरे डिवीजन की अफीम रिपोर्ट पर टिकी हुई हैं, ताकि उन्हें भी जल्द भुगतान मिल सके। पहला डिवीजन: अफीम-डोडे दोनों में तौल, करोड़ों का भुगतान पहले डिवीजन में इस बार अफीम और डोडे दोनों की तौल की गई है और यहां के किसानों को समय पर भुगतान भी मिल गया है। पहले डिवीजन के जिला अफीम अधिकारी बीएन मीणा के अनुसार 278 गांवों के 2,101 किसान CPS पद्धति के तहत अपने डोडे लेकर पहुंचे थे। विभाग ने उनसे कुल 1,23,550.500 किलो डोडे लिए और इसके बदले में 2 करोड़ 47 लाख 10 हजार 100 रुपए का भुगतान किया गया। इसके अलावा अफीम तौल की बात करें तो इसी डिवीजन के 317 गांवों के 5,910 किसानों ने 49,002.530 किलो अफीम तौल करवाई। विभाग ने इन किसानों को उनकी अफीम के बदले 4 करोड़ 28 लाख 60 हजार 011 रुपए का भुगतान किया है। दूसरा डिवीजन: तौल पूरी, लेकिन भुगतान के लिए फाइनल रिपोर्ट का इंतजार दूसरे डिवीजन के किसानों के लिए स्थिति थोड़ी अलग बनी हुई है, जहां अफीम तौल तो पूरी हो चुकी है लेकिन भुगतान अभी तक नहीं हो पाया है। यहां के जिला अफीम अधिकारी के अनुसार 195 गांवों के 4,964 किसानों ने अपनी 41,853.930 किलो अफीम तौल करवाई है। लेकिन इसकी फाइनल रिपोर्ट अभी तक जारी नहीं हुई है। इसी कारण किसानों को भुगतान नहीं किया गया है और वे अब रिपोर्ट आने का इंतजार कर रहे हैं। वहीं CPS पद्धति के तहत 171 गांवों के 1,081 किसान 1,147.320 किलो डोडे लेकर पहुंचे थे। विभाग ने इन डोडों की तौल कर ली है और इसके बदले में 1 करोड़ 22 लाख 90 हजार 808 रुपए का भुगतान किया जाएगा। तीसरा डिवीजन: अफीम और डोडों का पैसा किसानों तक पहुंचा तीसरे डिवीजन में भी अफीम और डोडों की तौल हुई है। तीसरे डिवीजन के जिला अफीम अधिकारी आरके मीणा के अनुसार 253 गांवों के 5,580 किसानों ने 44,055.630 किलो अफीम की तौल करवाई है। इस अफीम की फाइनल रिपोर्ट आने के बाद किसानों को 5 करोड़ 69 लाख 58 हजार 237 रुपए का भुगतान किया गया। वहीं CPS पद्धति के तहत 235 गांवों के 1,654 किसानों से 94,581.990 किलो डोडे लिए गए हैं। विभाग ने इन किसानों को उनके डोडों के बदले 1 करोड़ 89 लाख 18 हजार 398 रुपए का भुगतान कर दिया है।