चित्तौड़गढ़ में मंगलवार सुबह से ही मौसम का मिजाज बदला हुआ है। सुबह से कभी धूप निकल रही है तो कभी आसमान में बादल छाए हुए हैं। ठंडी हवाओं के चलने से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग ने तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की संभावना को देखते हुए जिले में येलो अलर्ट जारी किया है। दोपहर और शाम को मौसम और खराब होने की संभावना मौसम विभाग के अनुसार दोपहर बाद या शाम के समय मौसम और ज्यादा खराब हो सकता है। तेज हवाओं के साथ बारिश और कहीं-कहीं ओले गिरने की स्थिति बन सकती है। लोगों को मौसम के बदलाव को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी गई है। पिछले 24 घंटे में तापमान में उतार-चढ़ाव पिछले 24 घंटे के दौरान तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिला। सोमवार को अधिकतम तापमान 36.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे पहले रविवार को अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री और न्यूनतम 21.4 डिग्री सेल्सियस रहा। इस बदलाव के चलते लोगों को कभी गर्मी तो कभी हल्की ठंडक का अहसास हो रहा है। 8 अप्रैल को शेखावाटी में बारिश, चित्तौड़गढ़ में कम संभावना मौसम विभाग ने बताया कि 8 अप्रैल को प्रदेश के शेखावाटी क्षेत्र में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, लेकिन चित्तौड़गढ़ जिले में उस दिन बारिश होने की संभावना कम है। हालांकि, पूरे राजस्थान में मौसम के बदलते मिजाज का असर देखा जा सकता है। 9 अप्रैल से मौसम साफ, तापमान में बढ़ोतरी मौसम विभाग ने आगे बताया कि 9 अप्रैल से अगले तीन-चार दिनों तक मौसम साफ रहने की संभावना है। इस दौरान आसमान साफ रहेगा और धूप तेज हो सकती है। तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने का अनुमान है, जिससे आने वाले दिनों में गर्मी फिर से बढ़ सकती है।