चित्तौड़गढ़ में शुक्रवार को मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली। सुबह से ही आसमान बादलों से ढका रहा और तेज धूप नहीं निकलने से मौसम सुहावना बना रहा। पिछले कई दिनों से दिन में महसूस हो रही गर्मी से लोगों को राहत मिली है। सुबह के समय हल्की ठंडी हवा चलने से मौसम काफी अच्छा रहा और लोगों ने भी इसका असर महसूस किया। मौसम विभाग का अनुमान है कि शुक्रवार को जिले में मेघ गर्जन, तेज हवा और हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम विभाग में इसके लिए चित्तौड़गढ़ जिले को येलो अलर्ट जारी किया है। अगर बारिश होती है तो तापमान में और गिरावट आएगी और ठंड का असर भी बढ़ सकता है। रात से चल रही ठंडी हवा, दिन का तापमान भी नीचे आया गुरुवार रात से ही जिले में ठंडी हवा चलनी शुरू हो गई थी। इसका असर शुक्रवार सुबह साफ दिखाई दिया। मौसम विभाग के अनुसार जिले का अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तापमान में बहुत बड़ी गिरावट नहीं हुई है, लेकिन ठंडी हवा चलने से लोगों को गर्मी कम महसूस हुई। खासकर सुबह और देर रात के समय मौसम पहले के मुकाबले ज्यादा आरामदायक हो गया है। पिछले कुछ दिनों से दिन में चलने वाली गर्म हवा भी अब लगभग बंद हो गई है, जिससे मौसम में बदलाव साफ नजर आने लगा है। चक्रवाती तूफान 'अनर्ब' का असर, आज बारिश की संभावना मौसम विभाग के अनुसार चक्रवाती तूफान अनर्ब के असर से चित्तौड़गढ़ सहित आसपास के इलाकों में बादल छाए हुए हैं। इसी सिस्टम के कारण शुक्रवार को जिले में कई जगह मेघ गर्जन के साथ तेज हवा चल सकती है। इसके साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की भी संभावना जताई गई है। मौसम विभाग का कहना है कि बारिश का असर बहुत लंबा नहीं रहेगा, लेकिन इससे मौसम पूरी तरह बदल सकता है और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। शनिवार से मौसम रहेगा साफ, लेकिन बढ़ेगी ठंड मौसम विभाग का अनुमान है कि शुक्रवार के बाद मौसम फिर साफ होना शुरू हो जाएगा। शनिवार से आसमान साफ और मौसम शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि बारिश और ठंडी हवा के असर से तापमान में और गिरावट आ सकती है। ऐसे में आने वाले दिनों में सुबह और रात की ठंड पहले से ज्यादा महसूस हो सकती है। यानी शुक्रवार का दिन मौसम में बदलाव वाला रहेगा, जबकि इसके बाद जिले में साफ आसमान के साथ ठंड धीरे-धीरे बढ़ने की संभावना है। इससे साफ है कि अब चित्तौड़गढ़ में मौसम सर्दियों की ओर बढ़ता दिखाई दे रहा है।