चित्तौड़गढ़ शहर के एक पेट्रोल पंप पर देर रात स्कूटी में पेट्रोल भरवाने पहुंचे युवक पर दो युवकों ने कथित तौर पर चाकू से हमला करने की कोशिश की। युवक के अनुसार, पैसे देने से इनकार करने पर आरोपी धारदार हथियार लेकर उसके पीछे दौड़े और एक ने उस पर चाकू भी फेंका, लेकिन वह बाल-बाल बच गया। शोर सुनकर पेट्रोल पंप कर्मचारी मौके पर पहुंचे तो आरोपी फरार हो गए। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक को शिकायत देकर आरोपियों की गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है। पेट्रोल भरवाने पहुंचा, युवकों ने पैसे मांगे करजाली निवासी एक युवक ने पुलिस अधीक्षक को दी शिकायत में बताया - बुधवार (1 जुलाई) रात करीब 11 बजे वह स्कूटी से गांव जा रहा था। रास्ते में वह चित्तौड़गढ़ शहर के बोकड़िया पेट्रोल पंप पर पेट्रोल भरवाने रुका। स्कूटी खड़ी कर वह कुछ देर के लिए बाथरूम गया। वापस लौटने पर स्प्लेंडर बाइक पर आए दो युवकों ने उससे पैसे मांगे। जब उसने कहा कि वह उन्हें जानता तक नहीं है और पैसे देने से इनकार कर दिया, तो दोनों युवक भड़क गए। धारदार हथियार लेकर दौड़े, चाकू फेंका; कर्मचारियों ने बचाई जान पीड़ित का आरोप है कि दोनों युवकों ने कमर से धारदार हथियार निकाल लिया और उसकी तरफ दौड़ पड़े। जान बचाने के लिए वह पेट्रोल पंप की ओर भागा, लेकिन आरोपी उसका पीछा करते रहे। इसी दौरान एक युवक ने उसकी तरफ चाकू भी फेंका, हालांकि वह बाल-बाल बच गया। शोर सुनकर पेट्रोल पंप के कर्मचारी मौके पर पहुंचे, जिसके बाद दोनों आरोपी वहां से भाग गए। पीड़ित का कहना है कि यदि कर्मचारी समय पर नहीं आते तो उसके साथ बड़ी घटना हो सकती थी। पूरी वारदात CCTV में कैद, एक आरोपी की पहचान का दावा पीड़ित ने बताया कि पूरी घटना पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई। बाद में जानकारी जुटाने पर उसे पता चला कि आरोपियों में से एक हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र का रहने वाला है, जबकि दूसरे युवक की पहचान नहीं हो सकी। उसका आरोप है कि दोनों युवक पेट्रोल पंप के पीछे वाले रास्ते से आए थे और उनका इरादा लूट या किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने का था। शिकायत के साथ सीसीटीवी फुटेज के फोटो भी पुलिस को सौंपे गए हैं। एसपी से शिकायत, आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक को शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करने, दोनों को जल्द गिरफ्तार करने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।