चौमूं के नेशनल हाईवे-52 स्थित सूर्य वाटिका के पास शुक्रवार को एक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान धौलपुर जिले के बाड़ी तहसील, कंचनपुर थाना क्षेत्र के गांव पंजीपुरा निवासी राजेश जाटव (22) पुत्र लाठसाहब जाटव के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को चौमूं सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। जानकारी के अनुसार, राजेश जाटव बाइक से जयपुर से चौमूं की ओर जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा और उसका हेलमेट भी टूट गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर लिया है और फरार ड्राइवर की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। वहीं, स्थानीय लोगों ने हाईवे पर बढ़ती तेज रफ्तार और भारी वाहनों की लापरवाही पर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने प्रशासन से इस संबंध में सख्त कार्रवाई की मांग की है।