शहर के अग्रसेन नगर में लगातार बढ़ रही चोरी की वारदातों को लेकर कॉलोनीवासियों में चिंता है। इस संबंध में मंगलवार को अग्रसेन नगर समग्र विकास समिति चूरू के पदाधिकारियों ने पुलिस अधीक्षक (एसपी) को ज्ञापन सौंपकर प्रभावी कार्रवाई की मांग की। समिति अध्यक्ष वैद्य बनवारीलाल शर्मा के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में बताया गया कि पिछले लगभग एक पखवाड़े में अग्रसेन नगर में चार से अधिक चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। इन सभी मामलों की प्राथमिकी (एफआईआर) संबंधित थानों में दर्ज कराई जा चुकी है। हालांकि, अभी तक न तो आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है और न ही चोरी हुआ सामान बरामद किया जा सका है। चोरी की घटनाएं किशनसिंह मीणा, कमल शर्मा, श्यामसुन्दर सिडोलिया और नानूराम गोस्वामी के यहां हुई हैं। समिति ने यह भी बताया कि एक अन्य घटना में चोरी का प्रयास कर रहे एक व्यक्ति को कॉलोनीवासियों ने पकड़कर पुलिस के हवाले किया था। इस मामले की प्रगति के बारे में भी अब तक कोई जानकारी नहीं दी गई है। समिति के सदस्य मदनलाल राजपुरोहित ने एसपी से अग्रसेन नगर में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने, चोरी की वारदातों का शीघ्र खुलासा करने और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए आवश्यक निर्देश जारी करने का आग्रह किया। ज्ञापन सौंपने वालों में मंत्री डॉ. भारतेन्दू अग्रवाल, कोषाध्यक्ष कमल कुमार शर्मा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष ओमसिंह तंवर, उपाध्यक्ष रामनिवास सोनी, कर्णपाल सिंह, गजानन्द खेड़ीवाल, उप मंत्री सीताराम खरोड़, राजेन्द्र सिंह, ओमप्रकाश इंदोरिया, विधि सलाहकार जिले सिंह राव और एडवोकेट संदीप शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।