चूरू के ऊंटवालिया गांव में शनिवार शाम को 11 हजार केवी की झूलती बिजली लाइन की चपेट में आने से दो मासूम भाई-बहन गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद परिजनों ने दोनों बच्चों को तुरंत डीबी अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। परिजनों ने बताया कि दिसनाउ निवासी राजवीर (11) और नैना (9) अपने ननिहाल ऊंटवालिया आए हुए थे। शनिवार शाम को दोनों बच्चे घर की छत पर खेल रहे थे। इसी दौरान घर की छत के पीछे गली से गुजर रही 11 हजार केवी बिजली लाइन के झूलते तारों के संपर्क में आ गए। बताया जा रहा है कि खेलते समय बच्चों का हाथ बिजली लाइन से छू गया, जिससे वे करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद परिजनों में अफरा-तफरी मच गई और दोनों बच्चों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। इस हादसे के बाद क्षेत्र के लोगों में बिजली विभाग की लापरवाही को लेकर गहरा रोष है। अस्पताल में मौजूद नीरज कुमार ने बताया कि यह हादसा झूलते हुए बिजली के तारों के कारण हुआ। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते बिजली लाइन को सुरक्षित ऊंचाई पर किया जाता तो यह दुर्घटना टाली जा सकती थी। नीरज कुमार ने बिजली विभाग से घरों के पास से गुजर रही झूलती लाइनों को हटाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं को रोका जा सके।