'दुश्मन करीब 18 हजार फीट की ऊंचाई पर पहाड़ों पर मजबूत स्थिति में बैठा था। भारतीय जवानों को नीचे से ऊपर की तरफ हमला करना था। जवानों के कंधों पर करीब 50-50 किलो का भारी सामान था और गोलियों का जखीरा भी सीमित था। 22 ग्रेनेडियर्स की मुस्लिम कंपनी ने ‘नारा-ए-तकबीर, अल्लाह-हू-अकबर’ और रेजिमेंट के नारे ‘सर्वदा शक्तिशाली’ के साथ अचानक हमला किया। इससे पाकिस्तानी सेना पर मनोवैज्ञानिक दबाव बना। भारतीय सेना ने इसका फायदा उठाया। चार्ली कंपनी कमांडर मेजर अजीत सिंह (अब ब्रिगेडियर) के नेतृत्व में जवानों ने बैनेट फाइट और आर्टिलरी फायर के जरिए दुश्मन का मुकाबला किया। इसके बाद खालूबार रिज-5287 मीटर पर भारतीय सेना ने विजय का परचम फहराया।' यह कहना है 22 ग्रेनेडियर्स के वेटरन रिटायर्ड ऑनरेरी कैप्टन टीपू सुल्तान खान का। कारगिल विजय दिवस के 27 साल पूरे होने पर झुंझुनूं के टीपू सुल्तान और रिटायर्ड नायब सूबेदार जंगशेर खान ने अनुभव साझा किए। कारगिल युद्ध में झुंझुनूं के 19 जवान शहीद हुए थे। कारगिल युद्ध के दौरान हजारों फीट की ऊंचाई पर जवानों ने बेहद मुश्किल हालात में लड़ाई लड़ी। कई जगह तापमान बहुत कम था, जिससे वहां रहना और लड़ना जवानों के लिए बेहद मुश्किल था। हमारे लिए सबसे बड़ी शादी जंग जीतकर तिरंगा फहराना था रिटायर्ड नायब सूबेदार जंगशेर खान ने बताया- जब मुझे कारगिल जाने का आदेश मिला, उसी समय मेरे साले की शादी तय थी। ससुराल से लगातार संदेश आ रहे थे कि वे शादी की रस्मों में शामिल होने के लिए घर आएं। लेकिन मेरे लिए उस समय देश की रक्षा सबसे बड़ी जिम्मेदारी थी। मैंने ससुराल में संदेश भेजकर कहा था कि मेरे लिए सबसे बड़ी शादी यही है कि युद्ध में सफल होकर लौटूं। उन्होंने बताया- शायद वह खत आज भी मेरे ससुराल में मौजूद होगा। मैंने जवाब दिया था कि हमारे लिए सबसे बड़ी शादी यह है कि हम लड़ाई में सफल होकर आ जाएं, उसके बाद ही मैं आ सकता हूं। उससे पहले मैं नहीं आ सकता। घर पर पहुंच गई शहादत की अफवाह जंगशेर खान ने बताया कि जब मैं खालूबार की बर्फीली पहाड़ियों पर दुश्मन से लड़ रहा था, उस समय घर पर मेरी शहादत की झूठी खबर तक पहुंच गई थी। इससे परिवार की चिंता बढ़ गई थी। मैंने और मेरे साथियों ने जान की परवाह किए बिना दुश्मन से मुकाबला जारी रखा। जवानों ने मुश्किल परिस्थितियों में भी मोर्चा नहीं छोड़ा और दुश्मन को पीछे हटने पर मजबूर किया। जब अपने ही जवानों के आसपास बोफोर्स से फायर करना पड़ा वेटरन रिटायर्ड ऑनरेरी कैप्टन टीपू सुल्तान खान ने बताया कि मेरी यूनिट हैदराबाद से राजस्थान और फिर स्पेशल ट्रेन से महज तीन दिन में जम्मू और कारगिल के मोर्चे पर पहुंची थी। बुधखरबू से जवान पैदल यलडोर पहुंचे। इसके बाद द्रास, कारगिल और बटालिक सेक्टर की दुर्गम पहाड़ियों पर चढ़ाई शुरू की गई। युद्ध के दौरान एक ऐसा समय भी आया, जब जवानों का गोला-बारूद कम होने लगा। दूसरी ओर दुश्मन लगातार काउंटर-अटैक कर रहा था। हालात इतने मुश्किल हो गए कि कंपनी कमांडर को SOS फायर का निर्देश देना पड़ा। इसका मतलब था कि बोफोर्स तोपों से अपने ही जवानों की स्थिति के आसपास फायर करना, ताकि दुश्मन को रोका जा सके। टीपू सुल्तान खान ने उस पल को याद करते हुए बताया कि 25 से 30 सेकंड का वह समय ऐसा था, जब सांसें थम जाती थीं। उस समय मां-बाप, यार-दोस्त और बचपन की गलियां आंखों के सामने घूमने लगती थीं। उन्होंने बताया कि बोफोर्स की मार से करीब ढाई किलोमीटर के दायरे में दुश्मन को भारी नुकसान हुआ। इसके बाद जवानों ने आमने-सामने की लड़ाई और बेनेट फाइट के जरिए दुश्मनों को पीछे खदेड़ दिया। सैनिक के पास होता है सिर्फ 25-30 सेकंड का समय कैप्टन टीपू सुल्तान खान ने SOS फायर के बारे में कहा कि जब कोई सैनिक दुश्मन के बहुत करीब पहुंच जाता है और उसके पास लड़ने के लिए गोला-बारूद नहीं बचता तो वह दुश्मन के हाथों में नहीं पड़ना चाहता। ऐसी स्थिति में वह वायरलेस के जरिए कम से कम 45 किलोमीटर दूर मौजूद अपनी फोर्स से SOS फायर मांगता है। उन्होंने बताया कि SOS फायर की अलग-अलग तरह की प्रक्रिया होती है। दिन में धुआं छोड़कर और रात में रोशनी के जरिए सैनिक अपनी लोकेशन बताते हैं। इसके बाद उसी जगह पर तोपों से फायर किया जाता है। यह गोला इतना भयानक होता है कि आसपास करीब ढाई किलोमीटर के इलाके में कुछ भी बचना मुश्किल होता है। जिस सैनिक ने SOS फायर मांगी होती है, वह कोशिश करता है कि किसी चट्टान या ऐसी जगह छुप जाए, जहां गोले का सीधा असर न पहुंचे। SOS फायर मांगने के बाद सैनिक के पास सिर्फ 25 से 30 सेकंड का समय होता है। इसके बाद गोला गिरता है और आसपास का इलाका तबाह हो जाता है। कैप्टन टीपू सुल्तान खान के अनुसार, उस समय सैनिक के मन में यही भाव रहता है कि ‘SOS मेरे जिस्म के बजाय मेरी आत्मा की रक्षा करना।’