चूरू की तारानगर पुलिस ने अवैध डीजल तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पिकअप वाहन से 26 ड्रम अवैध डीजल जब्त किया है। इस मामले में दो आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया है। जब्त किए गए डीजल की मात्रा करीब 5 से 6 हजार लीटर बताई जा रही है। तारानगर थानाधिकारी (प्रशिक्षु आरपीएस) स्वाति बुरी ने बताया कि पुलिस साहवा रोड पर नाकाबंदी कर रही थी। इसी दौरान सामने से आ रही एक पिकअप को रोका गया। जांच करने पर पिकअप की बंद बॉडी में अवैध डीजल से भरे 26 ड्रम मिले। पुलिस ने पिकअप चालक साहवा पिथाना निवासी अजय नायक और परिचालक रेड़ी भूराबास साहवा निवासी दलीप नायक से पूछताछ की। दोनों ने बताया कि वे यह डीजल अवैध रूप से चंडीगढ़ से खरीदकर लाए थे। हालांकि, वे मौके पर कोई बिल, लाइसेंस या परमिट प्रस्तुत नहीं कर पाए। पुलिस ने अवैध डीजल से भरी पिकअप को जब्त कर थाना परिसर में खड़ा करवा दिया है। इस संबंध में जिला रसद विभाग, चूरू को भी सूचित किया गया है, जो आगे की कार्रवाई कर रहा है। मामले की जांच एसआई सत्यप्रकाश को सौंपी गई है। गौरतलब है कि खाड़ी देशों में युद्ध के हालात के चलते डीजल की कमी की आशंका में पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ से सस्ता डीजल लाकर स्टॉक किया जा रहा है। यह कार्रवाई इसी तरह की अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए की गई है। इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में एसआई सुरेश कुमार यादव, हेड कांस्टेबल देवीलाल, कांस्टेबल बलवान सिंह, विकास कुमार, अजीत सिंह और बन्नेसिंह शामिल थे।