चूरू में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है। सोमवार को अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार दर्ज किया गया। हीटवेव की आशंका को देखते हुए डीबी अस्पताल में विशेष तैयारियां की गई हैं। इमरजेंसी, मेल-फीमेल और मेडिसिन आईसीयू में हीटवेव पीड़ितों के लिए बेड आरक्षित किए गए हैं। अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में ठंडे पानी की बोतलें और ओआरएस के पैकेट उपलब्ध कराए गए हैं। इसके अलावा आइस पैक और तरल पदार्थों को ठंडा रखने के लिए डी-फ्रीज में रखा गया है ताकि आवश्यकता पड़ने पर तुरंत उपयोग किया जा सके। दोपहर में सड़कें सूनी झुलसाने वाली धूप के कारण दोपहर में शहर की सड़कों पर आवागमन काफी कम दिखाई देता है। लोग घरों से बाहर निकलने से पहले छाता या तौलिया साथ लेकर चल रहे हैं। सोमवार को चूरू में अधिकतम तापमान 40.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तेज धूप के कारण लोग अपने आवश्यक कार्य सुबह 11 बजे से पहले निपटाने का प्रयास कर रहे हैं। भीषण गर्मी से राहत पाने के जतन गर्मी से राहत पाने के लिए लोग ठंडा पानी, आइसक्रीम और जूस जैसे पेय पदार्थों का सहारा ले रहे हैं। गर्मी का सीधा असर बसों और ट्रेनों में यात्रियों की संख्या पर भी देखा जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार सुबह 11:30 बजे तक तापमान 36.6 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया था।