चूरू सदर पुलिस ने एक हिस्ट्रीशीटर अपराधी खालिद उर्फ गांधी को जाली पासपोर्ट के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी राणासर निवासी है और सदर थाने का हिस्ट्रीशीटर है। वह फर्जी दस्तावेज और पते का इस्तेमाल कर विदेश भागने की फिराक में था। पुलिस के अनुसार खालिद ने लक्ष्मणगढ़ का फर्जी पता और जाली दस्तावेज लगाकर पासपोर्ट बनवाया था। उसका उद्देश्य इस जाली पासपोर्ट का उपयोग कर देश से बाहर भागना था। बालरासर तंवरान बस स्टैंड के पास नाकाबंदी में पकड़ा सदर थानाधिकारी मोटाराम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक हिस्ट्रीशीटर संदिग्ध हालत में इलाके में घूम रहा है। इस सूचना पर पुलिस टीम ने बालरासर तंवरान बस स्टैंड के पास नाकाबंदी की और खालिद को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से जाली पासपोर्ट बरामद हुआ। हिस्ट्रीशीटर पर है 11 मामले दर्ज पुलिस ने फर्जी पासपोर्ट जब्त कर लिया है। आरोपी खालिद के खिलाफ धोखाधड़ी और पासपोर्ट अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार हिस्ट्रीशीटर खालिद एक शातिर अपराधी है। उसके खिलाफ चूरू और झुंझुनूं जिलों के विभिन्न थानों में हत्या के प्रयास, रेप, पॉक्सो एक्ट, मारपीट, अपहरण, आर्म्स एक्ट और बीएनएस की गंभीर धाराओं के तहत कुल 11 मामले दर्ज हैं। ये मामले वर्तमान में न्यायालयों और पुलिस जांच में लंबित हैं।