चूरू सहित प्रदेश के सात मेडिकल कॉलेजों में 1267 नियमित नर्सिंग पदों को समाप्त करने के विरोध में गुरुवार को नर्सिंग अधिकारियों ने प्रदर्शन किया। राजमेस के अधीन चूरू के पंडित दीनदयाल उपाध्याय मेडिकल कॉलेज में भी 156 नियमित पद खत्म किए गए हैं। डीबी अस्पताल के नर्सिंग अधिकारियों ने काली पट्टी बांधकर अपना विरोध दर्ज कराया। यह निर्णय राजस्थान कॉन्ट्रैक्चुअल हायरिंग सिविल पोस्ट रूल्स के तहत पदों पर नियुक्ति के लिए लिया गया है, जिसके तहत अब नियमित पदों की जगह संविदा पर भर्तियां होंगी। नर्सिंग ऑफिसर प्रदीप चौधरी और ताराचंद मेघवाल ने बताया कि इस निर्णय से चूरू कॉलेज के लगभग 120 नर्सिंग अधिकारियों पर सीधा असर पड़ा है, जिससे कर्मचारियों में अनिश्चितता का माहौल है। उन्होंने राजमेस से इस निर्णय को तत्काल वापस लेने की मांग की। नर्सिंग अधिकारियों ने बताया कि 15 अप्रैल से 19 अप्रैल तक काली पट्टी बांधकर प्रतीकात्मक विरोध जारी रहेगा। इसके बाद 20 अप्रैल से 26 अप्रैल तक प्रतिदिन सुबह 8 से 10 बजे तक कार्य बहिष्कार किया जाएगा। हालांकि, इस दौरान इमरजेंसी, ऑपरेशन थिएटर और लेबर रूम जैसी आवश्यक सेवाएं मरीजों की सुविधा के लिए पहले की तरह जारी रहेंगी। इससे पहले, नर्सिंग अधिकारियों ने मेडिकल कॉलेज प्रिंसिपल डॉ. एमएम पुकार से मिलकर ज्ञापन सौंपा। इस मौके पर शहनवाज कुरैशी, संदीप धोलपुरिया, उर्मिला, संदीप भाकर, बबीता, प्रीति, सनी सिंह, चंद्रकला, रमेश, निरंजनलाल, ऊषा, संजू शर्मिला और पूजा सारण सहित कई अन्य नर्सिंग अधिकारी मौजूद थे।