चूरू शहर के शास्त्री मार्केट में एक युवक के साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के मामले में कोतवाली पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएसएस) की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की है। कोतवाली थाना के एएसआई सुरेश कुमार ने बताया कि गश्त और कानून व्यवस्था ड्यूटी के दौरान पुलिस टीम शास्त्री मार्केट पहुंची। वहां प्रकाश की दुकान के सामने ओम कॉलोनी निवासी अजय कुमार के साथ तीन युवक जोर-जोर से झगड़ा कर रहे थे। मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों युवकों को समझाने और शांत कराने का प्रयास किया। हालांकि, वे और अधिक उग्र हो गए। आरोपियों ने अजय कुमार पर पुलिस को सूचना देने का आरोप लगाते हुए उसे खुलेआम जान से मारने की धमकियां दीं। पुलिस जाब्ते के सामने ही तीनों युवक लगातार गाली-गलौज और हंगामा करते हुए मारपीट पर उतारू हो गए। कई बार समझाने के बावजूद जब वे नहीं माने, तो पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वार्ड 25 निवासी साहीद शेख (20), मोहम्मद कैफ (23) और साहील शेख (20) के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद उपखंड मजिस्ट्रेट (एसडीएम) के समक्ष पेश किया।