चूरू में जिला स्पेशल टीम (DST) और कोतवाली पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एनएच-52 पर नाकाबंदी के दौरान करीब 5 लाख रुपए की अफीम के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने 1 किलो 558 ग्राम अवैध अफीम बरामद करने के साथ ही तस्करी में इस्तेमाल कार भी जब्त की है। दोनों आरोपी अफीम को चित्तौड़गढ़ से हरियाणा ले जा रहे थे। नाकाबंदी में फंसी संदिग्ध कार कोतवाली थाना के एसआई फरमान खान ने बताया कि यह कार्रवाई एसपी निश्चय प्रसाद के एरिया डॉमिनेशन अभियान के तहत की गई। शनिवार को थानाधिकारी सुखराम चोटिया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने एनएच-52 राजगढ़ रोड स्थित झंकार होटल के पास नाकाबंदी कर रखी थी। इसी दौरान एक संदिग्ध कार पुलिस को देखकर थोड़ी दूरी पर रुक गई, जिससे टीम को शक हुआ। तलाशी में खुला बड़ा राज पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कार की तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार में सवार दोनों व्यक्ति घबराए हुए नजर आए। जब उनसे सख्ती से पूछताछ की गई तो उनके पास से 1 किलो 558 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई।जिसकी कीमत करीब 5 लाख रुपए आंकी गई है। हरियाणा के दो आरोपी गिरफ्तार पुलिस ने हरियाणा के जाखल निवासी कृष्ण कुमार (48) और रामलाल (42) को मौके से गिरफ्तार कर लिया। साथ ही हरियाणा नंबर की कार को भी जब्त कर लिया गया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। चित्तौड़गढ़ से हरियाणा जा रही थी खेप प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे अफीम की खेप चित्तौड़गढ़ से हरियाणा लेकर जा रहे थे। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश कर रही है। टीम की अहम भूमिका इस पूरी कार्रवाई में कोतवाली थाना के कांस्टेबल विकास कुमार और डीएसटी टीम के पुष्पेंद्र सिंह की अहम भूमिका रही। मामले की आगे की जांच सदर थाना प्रभारी मोटाराम को सौंपी गई है।