चूरू जिले के रतनगढ़ तहसील के लोहा गांव में सड़क पार करते समय एक तेज रफ्तार कार की टक्कर से सात साल की बच्ची की मौत हो गई। हादसे में बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई थी। उसे तुरंत निजी गाड़ी से सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखा। पुलिस ने बच्ची के ताऊ की रिपोर्ट पर अज्ञात कार ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस के अनुसार करणीसिंह ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि उनके छोटे भाई राजूसिंह की सात साल की बेटी खुशबू दोपहर में अपने घर जा रही थी। मेगा हाईवे पार करते हुए सुजानगढ़ की तरफ से आ रही एक अज्ञात कार ने खुशबू को टक्कर मार दी, जिससे वह घायल हो गई। उसे रतनगढ़ के जालान अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत बताया।