सिविल डिफेंस भर्ती परीक्षा का परिणाम जल्द जारी करने की मांग को लेकर सोमवार को अभ्यर्थियों ने महावीर पार्क से जिला मुख्यालय तक शांतिपूर्ण रैली निकाली। रैली के बाद उन्होंने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर सिविल डिफेंस भर्ती का परिणाम शीघ्र घोषित कराने की मांग की। PET के बाद से रिजल्ट का इंतजार अभ्यर्थी राजेश डोई ने बताया कि सिविल डिफेंस भर्ती के लिए आवेदन जून 2025 में मांगे गए थे। इसके बाद इस साल मार्च में सभी पात्र अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) सफलतापूर्वक कराई जा चुकी है। परीक्षा हुए कई महीने बीत जाने के बावजूद अब तक परिणाम जारी नहीं किया गया है, जिससे अभ्यर्थियों में चिंता और असमंजस की स्थिति बनी हुई है। अन्य जिलों में नियुक्तियां, यहां अब भी इंतजार उन्होंने बताया कि प्रदेश के कई जिलों में सिविल डिफेंस भर्ती प्रक्रिया पूरी कर चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति भी दी जा चुकी है, जबकि सवाई माधोपुर जिले के अभ्यर्थी अब भी परिणाम का इंतजार कर रहे हैं। ज्ञापन के माध्यम से अभ्यर्थियों ने जिला कलेक्टर से मांग की कि उनकी बात संबंधित विभाग और राज्य सरकार तक पहुंचाकर भर्ती का परिणाम जल्द जारी कराया जाए, ताकि पात्र अभ्यर्थियों को समय पर नियुक्ति प्रक्रिया का लाभ मिल सके।