चूरू साइबर थाना पुलिस ने शेयर मार्केट व आईपीओ में भारी मुनाफे का लालच देकर लोगों से साइबर ठगी करने के आरोपी को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया। आरोपी सायेम मलिक (27) पेशे से सिविल इंजीनियर है, जो पहचान छिपाने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था। पुलिस आरोपी को बर्धवान (पश्चिम बंगाल) से कोर्ट में पेश कर ट्रांजिट रिमांड पर चूरू लेकर आई। आरोपी को मंगलवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से रिमांड पर भेजा गया। एसपी निश्चय प्रसाद एम ने बताया कि विकास सिद्धू निवासी जैतपुरा ने 24 मई को रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि कुछ लोगों ने उसे वॉट्सएप ग्रुप में जोड़कर ट्रेडिंग एप इंस्टॉल करवाया। प्रॉफिट का झांसा देकर 39.21 लाख रु. ठग लिए। साइबर थाना प्रभारी डीएसपी विजय कुमार मीणा के नेतृत्व में खातों व मोबाइल नंबरों का एनालिसिस किया तो तार बंगाल से जुड़े मिले।