जिला न्यायालय परिसर में बुधवार सुबह साढ़े 9 बजे जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बारां अध्यक्ष, जिला एवं सेशन न्यायाधीश बारां सत्यनारायण टेलर के नेतृत्व में पौधरोपण किया। इस दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बारां अध्यक्ष, जिला एवं सेशन न्यायाधीश बारां सत्यनारायण टेलर ने कहा कि वृक्षारोपण से वायु गुणवत्ता में सुधार होता है, तापमान कम होता है, जीव-जंतुओं को समर्थन मिलता है और पर्यावरण प्रदूषण कम होता है। हर व्यक्ति को अपने जीवनकाल में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए। उसकी नियमित देखभाल करने का संकल्प लेना चाहिए, ताकि आने वाले पीढ़ी को एक स्वच्छ पर्यावरण मिलें। उन्होंने कहा कि पेड़ हमारे इतिहास व भविष्य से जुड़े हुए हैं। जिस सभ्यता में पर्यावरण फलता-फूलता है, वह सभ्यता भी प्रकृति के अनुक्रम में संतुलित रूप से अनवरत प्रगति की ओर से अग्रसर होती है। उन्होंने कहा कि राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण की प्रेरणा से एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से पिछले बुधवार से पौधरोपण अभियान का शुभारंभ किया था। यह 11 सप्ताह तक अनवरत चलेगा। इसके तहत प्रत्येक सप्ताह के बुधवार को जिला मुख्यालय स्थित न्यायालयों के 11 न्यायिक अधिकारी एक साथ-एक समय पर न्यायालय समय पूर्व सुबह 9ः30 बजे 11 छायादार व फलदार पेड़ लगाएंगे। पर्यावरण को स्वच्छ बनाने का संदेश देंगे। न्यायालय परिसर को हरा-भरा बनाने में सहयोग करेंगे और पर्यावरण को संतुलित बनाए रखने का संदेश देंगे। कार्यक्रम के दौरान न्यायिक अधिकारियों में रूबीना परवीन अंसारी विशिष्ट न्यायाधीश, एसीडी न्यायालय, शिवचरण मीणा न्यायाधीश, पारिवारिक न्यायालय, रमेश कुमार अटल विशिष्ट न्यायाधीश, पॉक्सो न्यायालय क्रम-02, लोकेश कुमार शर्मा विशिष्ट न्यायाधीश, एससी/एसटी न्यायालय, हिना परिहार सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, प्रमोद कुमार शर्मा अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश क्रम-01, गौरव शर्मा अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश क्रम-02, अमरजीत सिंह मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, अभय बंसल न्यायिक मजिस्ट्रेट, प्रियंका बाजपेयी अतिरिक्त न्यायिक अधिकारी सहित जिला न्यायालय के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारियों ने पौधारोपण किया।