भास्कर न्यूज | अलवर जिले में सोमवार को अकबरपुर और किशोरी क्षेत्र में बारिश हुई, जबकि अलवर शहर में दिनभर गर्मी और उमस से लोग परेशान रहे। मौसम विभाग ने 10 जुलाई तक जिले में कहीं-कहीं बारिश की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। सोमवार को शहर का अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम 27.5 डिग्री दर्ज किया। दिन और रात के तापमान में 10.5 डिग्री का अंतर रहा। मानसून की दस्तक 1 जुलाई को होने के बावजूद नियमित बारिश नहीं होने से उमस लगातार बढ़ रही है। मौसम केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार, पूर्वी भारत में बना डिप्रेशन सोमवार को दक्षिण-पूर्वी झारखंड और उत्तरी ओडिशा के आसपास पहुंच गया है। राजस्थान के पूर्वी हिस्सों में अगले 5 दिन मानसून सक्रिय रहेगा। जिले में 10 जुलाई तक बारिश और 50 किमी प्रतिघंटा तक की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।