मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दौसा जिले में 607.66 करोड़ रुपए के विकास कामों का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने बांदीकुई कस्बे के लिए कई घोषणाएं की। इस पर बीजेपी विधायक भागचंद टांकड़ा ने मंच पर ही मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने पेपर लीक को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा। सीएम ने कहा- कांग्रेस के राज में एक भी परीक्षा ऐसी नहीं थी, जिसका पेपर लीक नहीं हुआ हो। हमारे ढाई साल के कार्यकाल में 300 से ज्यादा परीक्षाएं हो गई है, लेकिन एक भी परीक्षा में पेपर लीक नहीं हुआ। सीएम ने आगे कहा- जिन्होंने पेपर लीक किया, वे आज जेल में हैं। जो बाहर है, उन्हें भी नहीं बक्शा जाएगा। अपराध करने वाले को किसी भी सूरत में नहीं छोड़ा जाएगा। दरअसल, महात्मा ज्योतिबा फुले की जयंती पर शनिवार को बांदीकुई में राज्य स्तरीय कार्यक्रम हुआ, जिसमें मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा शामिल हुए। सीएम ने बांदीकुई के आगरा रेलवे फाटक पर रेलवे ओवरब्रिज (ROB) बनाने, पॉलिटेक्निक कॉलेज का नाम महात्मा ज्योतिबा फुले के नाम पर करने, बसवा और बांदीकुई में सीवरेज सिस्टम की घोषणा की। साथ ही रामसेतू लिंक परियोजना से बांदीकुई को जोड़ने की बात कही। मैं दिल्ली जाता हूं तो विकास कार्यों की सौगात लाता हूं-सीएम मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा- कांग्रेस ने 55 साल देश में राज किया। लेकिन कभी भी महात्मा ज्योतिबा फुले की ओर से बताए गए सिद्वांत पर नहीं कांग्रेस नहीं चली। न ही कांग्रेस ने शिक्षा के लिए कोई अलख जगाई। कांग्रेस वाले कहते हैं कि मुख्यमंत्री दिल्ली जाते हैं। लेकिन मैं यदि दिल्ली जाता हूं तो विकास कार्यों की सौगात लाता हूं। कांग्रेस ने जयपुर में मेट्रो को आगे बढ़ाने के लिए कुछ नहीं किया। अब भाजपा की केंद्र सरकार ने इसे आगे बढ़ाने के लिए करोड़ों रुपए की स्वीकृति दी है। मुख्यमंत्री ने कहा- प्रदेश के प्रत्येक ब्लॉक में एक-एक राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल में बच्चों को प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के लिए सावित्री बाई फुले ई-लाइब्रेरी खोली जाएगी। इसके अलावा प्रत्येक जिले में एक राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल को महात्मा ज्योतिबा फुले आदर्श स्कूल बनाया जाएगा। वर्ष 2027 तक प्रदेश के प्रत्येक जिले में किसानों को खेती कार्य के लिए दिन में बिजली मिलगी। अभी तक यह 24 जिलों में मिल रही है। सीएम ने रामसेतू लिंक परियोजना से बांदीकुई को जोड़ने की बात भी कही। सीएम बोले- ब्रज का हूं, मुझ पर जादूगरी नहीं चलेगी सीएम ने कहा- जयपुर के लिए 13 हजार करोड़ की मेट्रो परियोजना मील का पत्थर साबित होगी। क्योंकि आपकी (पूर्व सीएम अशोक गहलोत) ओर से शुरू की गई मेट्रो रेल से तो प्रतिदिन लाखों रुपए का घाटा हो रहा है। वो (गहलोत) तो सिर्फ ट्विटर मास्टर हो रहे हैं, ट्वीट करते रहते हैं। इस मास्टरी को छोड़ दीजिए, मैं ब्रज का हूं, ये जादूगरी चलने वाली नहीं है।