मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा आज प्रतापगढ़ के छोटी सादड़ी के बंबोरी गांव पहुंचें। मुख्यमंत्री ने सबसे पहले बंबोरी स्कूल में राजीविका लाभार्थियों से चर्चा की। संवाद के दौरान एक छात्रा स्कूल में विज्ञान संकाय खोलने की मांग की। जिसके बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां विज्ञान संकाय जरूर खुलेगा। राजीविका महिलाओं से चर्चा के बाद मुख्यमंत्री ने ग्राम विकास रात्रि चौपाल में भाग लिया। रात्रि चौपाल में मुख्यमंत्री ने किसानों से कहा कि फलदार पेड़ जरूर लगाने चाहिए। प्रोसेसिंग यूनिट से हमारे मसालों को दुनिया तक पहुंचा सकते हैं। मुख्यमंत्री का रात्रि विश्राम भी गांव में ही होगा। गुरुवार सुबह गांव से जाने से पहले वे खेतों पर जाकर किसानों से भी चर्चा करेंगे। मुख्यमंत्री शाम करीब 6.40 बजे बंबोरी पहुंचे थे। यहां भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने लोगों के साथ गैर नृत्य किया। नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर विपक्ष पर साधा निशाना मुख्यमंत्री ने कहा- नारी शक्ति वंदन अधिनियम को परिवारवादी पार्टियों ने पास नहीं होने दिया। प्रधानमंत्री मोदी ने महिलाओं के लिए शौचालय बनवाए, गैस कनेक्शन दिए। पानी के लिए हर घर नल योजना लाए, जिससे महिलाओं को दूर जाकर पानी नहीं लाना पड़ता है। राजीविका के माध्यम से महिलाएं लखपति दीदी, ड्रोन सखी बन रही है। लखपति दीदी में हमारा टारगेट 20 लाख का था, लेकिन ये आंकड़ा 21 लाख से ज्यादा चला गया। हमारी सरकार में एक भी पेपर लीक नहीं हुआ।ट राजीविका से जुड़ी महिलाओं से मुख्यमंत्री ने की चर्चा मुख्यमंत्री ने राजीविका से जुड़ी महिलाओं से चर्चा की। चर्चा में मीनू दास ने बताया-पहले मैं घर से नहीं निकल पाती थी। राजीविका से जुड़ने के बाद बच्चों का एडमिशन भी मैंने ही करवाया है और घर का राशन भी मैं ही लाती हूं। चंदा कंवर ने बताया-राजीविका में आने से पहले मैं घर पर घूंघट में रहती थी। मैंने योजना में लोन लिया और अपना काम शुरू किया। अब कहीं मीटिंग भी होती है तो सासू मां आगे से कहती है कि मीटिंग में जाओ। कांता सेन ने बताया-2019 में बांसवाड़ा से दीदी आई थी, उन्होंने हमे योजना से जोड़ा था। हमने 20-20 रुपए बचाकर शुरूआत की। 3 हजार रुपए में सिलाई मशीन खरीदी और अपनी आजिविका को बढ़ाया। इसके बाद में पशुपालन से जुड़ी। संवाद के दौरान छात्रा लविसा ने उनके स्कूल में विज्ञान संकाय खोलने की मांग की। जिसके बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां विज्ञान संकाय जरूर खुलेगा। सरकारी योजनाओं की दी जानकारी मुख्यमंत्री ने इस दौरान सरकार की योजनाओं का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि सरकार सरस डेयरी पर दूध देने वाले किसानों को 5 रुपए प्रति लीटर का अनुदान दे रही है। उन्होंने युवाओं को मेहनत करने और उद्योग लगाने पर सरकार द्वारा सहायता प्रदान करने की बात भी कही। मुख्यमंत्री के साथ सांसद सीपी जोशी, मंत्री हेमंत मीणा, मंत्री मंजू बाघमार, गौतम दक, पूर्व यूडीएच मंत्री श्रीचंद कृपलानी, विधायक चंद्रभान सिंह आक्या भी मौजूद है।