मुख्यमंत्री के 17 अप्रैल को तिंवरी तहसील के मांडियाई गांव में प्रस्तावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार शाम को जिला कलेक्टर आलोक रंजन ने मांडियाई पहुंचकर सभा स्थल और हेलीपेड का निरीक्षण किया। उन्होंने व्यवस्थाओं की समीक्षा की। कलेक्टर ने सभा स्थल पर मंच, पंडाल, आमजन व वीआईपी के बैठने की व्यवस्था, पार्किंग और प्रवेश-निकास बिंदुओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की संभावित उपस्थिति को देखते हुए पर्याप्त छाया, पेयजल और साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखकर तैयारी के निर्देश दिए इसके बाद कलेक्टर ने हेलीपेड स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा मानकों के अनुरूप सभी तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि हेलीपेड पर अग्निशमन, एम्बुलेंस और सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह मुस्तैद रहनी चाहिए। मुख्यमंत्री इस दौरे के दौरान ओसियां विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण करेंगे। इनमें तिंवरी का नव निर्मित सामुदायिक चिकित्सालय और मथानिया में नव निर्मित सेटेलाइट अस्पताल भवन शामिल हैं। इन परियोजनाओं से क्षेत्र के लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिल सकेंगी। ये रहे मौजूद निरीक्षण के दौरान स्थानीय विधायक भैराराम सियोल, भाजपा के वरिष्ठ नेता शंभूसिंह खेतसर, तहसीलदार सूरजपाल सिंह देवड़ा और विकास अधिकारी संपत गोदारा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। निरीक्षण के बाद कलेक्टर आलोक रंजन ने तिंवरी पंचायत समिति में ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने तैयारियों की समीक्षा की और सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।