जिला कलेक्टर देशल दान ने मंगलवार को राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। यह बैठक जिला परिषद के ईडीपी सभागार में आयोजित की गई। इसमें जिले के राजस्व कार्यों की प्रगति, लंबित प्रकरणों और विभिन्न ऑनलाइन पोर्टलों पर दर्ज मामलों की स्थिति की गहन समीक्षा की गई। बैठक के दौरान जिला कलेक्टर ने राजस्व न्यायालयों में लंबित प्रकरणों, नामांतरण और ई-फाइलिंग से जुड़े मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन से जुड़े राजस्व प्रकरणों का समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि नागरिकों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा कर प्राथमिकता के आधार पर समाधान पर जोर दिया। कलेक्टर ने ऑनलाइन पोर्टलों पर लंबित मामलों की स्थिति को अद्यतन रखने के निर्देश दिए। उन्होंने ई-फाइलिंग और ऑनलाइन आवेदन से जुड़े प्रकरणों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही, विभिन्न न्यायालयों में लंबित मामलों को गंभीरता से लेते हुए नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए। इसके अतिरिक्त क्षतिग्रस्त भवनों से हुई जनहानि और पशु हानि के मामलों की समीक्षा की गई। संबंधित जानकारी को पोर्टल पर शीघ्र अद्यतन करने और प्रभावितों को जल्द राहत पहुंचाने के निर्देश दिए गए। बैठक में बच्चों में फैल रहे वायरल बुखार की रोकथाम और स्वच्छता अभियान के तहत व्यापक साफ-सफाई सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। जिला कलेक्टर ने अधिकारियों को टीम भावना के साथ कार्य करने तथा राज्य व केंद्र सरकार की योजनाओं की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। इसका उद्देश्य पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाना है। इस बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर दिनेश चंद्र धाकड़, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी अनिल पहाड़िया सहित राजस्व विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।