मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और सीएस वी. श्रीनिवास के साथ प्रशासनिक सुधार विभाग के आदेश हैं कि हर कलेक्टर माह में 4 रात्रि विश्राम अपने जिले के गांवों में करेंगे। प्रभारी सचिव भी 4 रात्रि चौपाल लगाएंगे। सीएम ने खुद चित्तौड़गढ़ के बंबोरी में रात्रि चौपाल लगाई, तो पूरा इलाका मिनी सचिवालय में तब्दील हो गया। लोगों के काम हाथों हाथ हुए। डिप्टी सीएम प्रेमचंद बैरवा ने दूदू में रात्रि चौपाल लगाई। आधे मंत्री और 20 से ज्यादा विधायक पिछले 1 माह में रात्रि चौपाल लगा चुके। लेकिन, प्रदेश के आईएएस प्रभारी सचिव और कलेक्टर रात्रि चौपाल लगाकर जनता के बीच जाने में कतरा रहे। अब तक टोंक, बूंदी, जोधपुर, डीग, प्रतापगढ़, नागौर, भरतपुर, दौसा, डूंगरपुर, चित्तौड़गढ़, धौलपुर, जयपुर, बाड़मेर, जैसलमेर, अजमेर, बीकानेर, सीकर, करौली सहित 18 कलेक्टरों ने ही रात्रि चौपाल लगाई है। 41 में से 18 के अलावा 5 कलेक्टरों ने मंत्रियों, सीएम के साथ भी रात्रि चौपाल लगाई। लेकिन बाकी नहीं गए। हालांकि एक माह में 4 रात्रि चौपाल किसी ने नहीं लगाई। शुभम चौधरी सहित 3 कलेक्टरों ने 2-2 चौपाल लगाई। वहीं सीएम खुद एक दिन पहले ही प्रतापगढ़ जिले के बंबोरी गांव में पहुंचे और रात्रि चौपाल लगाई। रात्रि चौपाल का फायदा: कलेक्टरों ने हाथों हाथ कराए काम दौसा कलेक्टर डॉ. सौम्या झा ने 18 अप्रैल को लवाण पंचायत समिति की ढिगारिया ग्राम पंचायत में रात्रि चौपाल लगाई।चित्तौड़गढ़ कलेक्टर ने 9 दिन पहले पालोद में रात्रि चौपाल लगाई। कुल 47 परिवाद प्राप्त हुए। 2 दिन पहले धौलपुर कलेक्टर श्रीनिधि बीटी ने रात्रि चौपाल लगाई और 28 शिकायतें प्राप्त हुई, जिनका मौके पर समाधान कराया। जयपुर कलेक्टर संदेश नायक ने 7 दिन पहले गोविंदगढ़ क्षेत्र की ग्राम पंचायत धोबलाई में संध्या चौपाल लगाई। बाड़मेर कलेक्टर चिन्मयी गोपाल ने 2 दिन पहले रानीगांव ग्राम पर रात्रि चौपाल लगाई, जिसमें 17 परिवाद मिले। जैसलमेर कलेक्टर अनुपमा जोरवाल ने 24 अप्रैल को खुहड़ी में जनसुनवाई एवं रात्रि चौपाल की। अजमेर कलेक्टर लोकबंधु ने नागोला में रात्रि चौपाल कर 73 समस्याएं सुनी। करौली कलेक्टर अक्षय गोदारा ने सांकरवाड़ा में रात्रि-चौपाल की। टोडाभीम बस स्टैंड के लिए आवंटित भूमि का निरीक्षण किया। सीकर कलेक्टर आशीष मोदी को ढिगारिया में ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर निस्तारण करवाया। 6 मई 2026 को पंचायत समिति फतेहपुर की ग्राम पंचायत बाठोद में रात्रि चौपाल करनी थी। 5 अप्रैल को बीकानेर कलेक्टर ने खाजूवाला क्षेत्र रात्रि चौपाल की। एक रात में ‘मिनी सचिवालय’ बना जाजोद: जैसे ही सीएम के जाजोद दौरे की खबर आई, जिला प्रशासन में खलबली मच गई। सीकर कलेक्टर आशीष मोदी और एसपी प्रवीण नायक सहित तमाम आला अधिकारियों ने जाजोद में ही डेरा डाल लिया है। गांव की सड़कें रातों-रात चकाचक हो रही हैं, बिजली-पानी की व्यवस्था सुधारी जा रही है और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।