चूरू | जिला मुख्यालय एवं आसपास के गांवों में ट्यूबवैल की खराब मोटर बदलने के नाम गड़बड़ी किए जाने की शिकायत पीएचईडी एक्सईएन को की गई है। शिकायत में बताया कि पीएचईडी मुख्यालय के निर्देशानुसार ट्यूबवैल पर निर्धारित ब्रांडेड मोटर लगानी होती है, पर चूरू में इसका उलटा हो रहा है। यहां लोकल मोटरें लगाई जा रही है। अभी हाल में शहर के वार्ड 23 में ट्यूबवैल में लोकल मोटर लगाई गई। राजस्थान जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के तकनीकी कर्मचारी संघ नगर उपखंड के शाखा महामंत्री रणवीर सांखला का कहना है कि सरकार की ओर से मान्य (अप्रूव) मोटरें लगाने का नियम है, जबकि यहां सांठगांठ करके लोकल मोटरें लगाई जा रही हैं। पीएचईडी एसई चुन्नीलाल से इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने अनभिज्ञता जताते हुए कहा कि अगर ऐसा है तो वे मामले में जांच करवाकर कार्रवाई करेंगे।