छीपाबड़ौद | परवन वृहद सिंचाई परियोजना के तहत जिले के डूब प्रभावितों के पुनर्विस्थापन को लेकर एसडीएम कार्यालय में गुरुवार को बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता एसडीएम अभिमन्यु सिंह कुंतल ने की। इसमें पिछली बैठक में दिए निर्देशों की समीक्षा की गई। बैठक में मौजूद सभी विभागों के प्रतिनिधियों को प्रभावितों के विस्थापन के लिए प्रभावी प्रयास करने के निर्देश दिए गए। आगामी मानसून में बांध में जल भराव को देखते हुए पुनर्वास और पुनर्विस्थापन का काम समयबद्ध तरीके से पूरा करने को कहा गया। डूब क्षेत्र में प्रभावितों को मूलभूत सुविधाएं योजना के अनुसार उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में अधिशासी अभियंता प्रवीण बैरवा, सहायक अभियंता चौहल सिंह, विकास अधिकारी रामविलास मीणा, तहसीलदार सुरेंद्र गुर्जर सहित अन्य विभागों के प्रतिनिधि मौजूद थे।