पंचायतीराज आम चुनाव 2026 की तैयारियों को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी जैसलमेर की पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में जिला परिषद और पंचायत समिति चुनावों की पुख्ता रणनीति तैयार करने, योग्य व जिताऊ प्रत्याशियों के चयन, संगठन की मजबूती तथा ग्रामीण क्षेत्रों में कांग्रेस की सक्रियता बढ़ाने को लेकर गहन विचार-विमर्श किया गया। उपस्थित शीर्ष नेताओं ने चुनावी तैयारियों को लेकर अपने सुझाव रखे और संगठन के सभी स्तरों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर बल दिया। बैठक को संबोधित करते हुए अमरदीन फकीर ने कहा कि पंचायतीराज चुनाव संगठन की बुनियाद हैं। इसमें प्रत्येक पदाधिकारी और कार्यकर्ता की भागीदारी तय होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि टिकट वितरण में उम्मीदवार की जमीनी पकड़, जनसंपर्क और कार्यकर्ताओं की राय को सर्वोपरि रखा जाए। साथ ही बिजली, पानी, सड़क और शिक्षा जैसे बुनियादी मुद्दों को उठाकर आमजन के बीच पैठ बनाई जाए। बैठक में जिला प्रभारी प्रहलाद गुंजल, बाड़मेर-जैसलमेर सांसद उम्मेदाराम बेनीवाल, पूर्व कैबिनेट मंत्री सालेह मोहम्मद, पूर्व विधायक रूपाराम धनदे, वरिष्ठ कांग्रेस नेता जनकसिंह भाटी, पूर्व जिला प्रमुख अब्दुला फकीर, अंजना मेघवाल और पूर्व जिलाध्यक्ष गोविंद भार्गव उपस्थित रहे। इनके साथ ही जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, ब्लॉक अध्यक्ष, अग्रिम संगठनों के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने एक सुर में एकजुट होकर पंचायतीराज चुनावों में कांग्रेस का परचम लहराने का संकल्प लिया। कांग्रेस की बैठक में दैनिक भास्कर की प्रकाशित खबर का भी प्रभारी गुंजल ने उल्लेख किया। भास्कर ने 15 अक्टूबर को ‘गत बार क्रॉस वोटिंग पर फलोदी में दो के टिकट कटे, अब जैसलमेर के 4 बागी सदस्यों को भी डर’ शीर्षक से प्रमुखता से प्रकाशित किया था। संबोधित करते हुए गुंजल ने कहा कि आज भास्कर में मैने खबर देखी जिसमें पता चला कि पिछले पंचायती राज चुनाव में कांग्रेस के विजयी प्रत्याशियों ने भाजपा को वोट दिए थे। अब अगर ऐसा हुआ तो प्रदेश कमेटी एक सप्ताह में ही कार्रवाई करेगी। पूर्व मंत्री सालेह मोहम्मद ने कहा कि पंचायतीराज व्यवस्था सीधे गांव और किसानों से जुड़ी है। जिला परिषद व पंचायत समिति के जनप्रतिनिधि ही गांवों के विकास की मुख्य धुरी होते हैं। इसलिए सामूहिक चर्चा के बाद निष्ठावान व सक्रिय चेहरों को आगे लाना चाहिए। वहीं पूर्व विधायक रूपाराम धनदे ने कहा कि पंचायत स्तर पर संगठन की असली ताकत उसके कार्यकर्ता हैं। प्रत्येक क्षेत्र की स्थानीय समस्याओं का आकलन कर चुनावी मैदान में उतरना होगा।