अलवर में कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा के राजस्थान प्रभारी राधा मोहन दास अग्रवाल के बयान पर भड़क गए। कार्यकर्ताओं ने शनिवार शाम को सिलीसेढ़ तिराहे पर विरोध प्रदर्शन करते हुए जमकर नारेबाजी की। उन्होंने भाजपा प्रभारी का पुतला फूंका और उनके बयान को आपत्तिजनक बताया। कांग्रेसी बोले- सचिन पायलट पर की गई ऐसी टिप्पणी मर्यादा के खिलाफ है, आगे अगर ऐसा हुआ तो बर्दाश्त नहीं होगा। चेतावनी देते हुए कांग्रेसियों ने कहा कि इस प्रकार की बयानबाजी अगर भविष्य में हुई तो सभी कांग्रेसी सड़कों पर उतर आएंगे। बहरूपिया और भगोड़ा जैसे शब्द राजनीतिक मर्यादा के खिलाफ मामला सचिन पायलट को लेकर दिए गए बयान से जुड़ा है। उमरेण ब्लॉक अध्यक्ष निहाल गुर्जर के नेतृत्व में कांग्रेस की ब्लॉक कार्यकारिणी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौके पर जुटे। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि भाजपा प्रभारी द्वारा पायलट को बहरूपिया और भगोड़ा जैसे शब्दों से संबोधित करना न सिर्फ राजनीतिक मर्यादा के खिलाफ है, बल्कि यह व्यक्तिगत टिप्पणी भी है। भविष्य में ऐसी बयानबाजी हुई तो कांग्रेसी सड़कों पर उतरेंगे कांग्रेस के निहाल गुर्जर ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में रहने वाले नेताओं को अपनी भाषा पर नियंत्रण रखना चाहिए। इस तरह के शब्दों का इस्तेमाल लोकतांत्रिक मूल्यों के अनुरूप नहीं है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में इस प्रकार की बयानबाजी जारी रही तो कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर और बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे।