कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा- सरकार ने पंचायत एवं निकाय चुनावों को टालकर जनता के अधिकारों पर प्रहार किया है। उन्होंने भाजपा सरकार पर लोकतंत्र की जड़ों को कमजोर करने का आरोप लगाया। डोटासरा गुरुवार को ब्यावर में आयोजित “संगठन बढ़ाओ-लोकतंत्र बचाओ” जिला स्तरीय सम्मेलन में बोल रहे थे। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर ब्यावर के मोतीमहल गार्डन में “संगठन बढ़ाओ-लोकतंत्र बचाओ” जिला स्तरीय सम्मेलन आयोजित किया गया। इस सम्मेलन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा। हजारों कार्यकर्ताओं ने इसमें भाग लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा और विशिष्ट अतिथि नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली थे। सम्मेलन की शुरुआत में जिलाध्यक्ष किशोर चौधरी और कपासन प्रभारी आशीषपाल पदावत ने अतिथियों का साफा पहनाकर और स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया। पीसीसी चीफ गोविन्द सिंह डोटासरा ने भाजपा सरकार पर लोकतंत्र की जड़ों को कमजोर करने का आरोप लगाया। उन्होंने पंचायत एवं निकाय चुनावों को टालने को जनता के अधिकारों पर प्रहार बताया। डोटासरा ने कहा कि प्रदेश में विकास कार्य ठप हैं और भ्रष्टाचार बढ़ रहा है। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया। नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा कि भाजपा सरकार केवल इवेंट मैनेजमेंट तक सीमित है, जबकि आमजन मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान है। उन्होंने निकाय चुनाव न कराने को लोकतंत्र के खिलाफ कदम बताते हुए कहा कि कांग्रेस जनता की आवाज को सदन से सड़क तक उठाती रहेगी। जिलाध्यक्ष किशोर चौधरी ने सम्मेलन की सफलता पर सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ब्यावर का यह आयोजन प्रदेश में कांग्रेस की नई ऊर्जा का केंद्र बनेगा और वार्ड एवं ग्राम पंचायत स्तर तक संगठन को मजबूत किया जाएगा। ब्लॉक अध्यक्ष एडवोकेट अजय शर्मा ने सम्मेलन का संचालन करते हुए कहा कि ब्यावर का कार्यकर्ता हर संघर्ष के लिए तैयार है। कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद सम्मेलन में किशनगढ़ विधायक विकास चौधरी, पूर्व विधायक माणक डाणी व हाजी कय्यूम खाँ, पूर्व राज्यमंत्री नसीम अख्तर इंसाफ, पूर्व विधायक राकेश पारीक, सुदर्शन सिंह रावत, सुरेन्द्र गोयल, हगामीलाल मेवाड़ा, पारसमल जैन, दामोदर गुर्जर, रामचन्द्र चौधरी, निरंजन आर्य सहित कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी, पार्षद एवं बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।